रायपुर

Chhattisgarh News: अब नहीं चलना पड़ेगा पैदल, गांव-गांव पहुंचेगी बस सेवा; CM ने दिखाई हरी झंडी

छत्तीसगढ़ सरकार ने 'मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना (सीएमआरबीएस)' की शुरुआत की है। इस योजना का उद्देश्य दूरदराज और आदिवासी बहुल गांवों में सस्ती और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है। इसके पहले चरण में 11 जिलों के 250 गांवों को 34 बसों के जरिए जोड़ा जाएगा।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Chhattisgarh News: हाल में शुरू की गई मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा योजना (सीएमआरबीएस) छत्तीसगढ़ के दूरदराज के इलाकों में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इसके पहले चरण में 250 गांवों को शामिल किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को जगदलपुर में इस योजना की शुरुआत करते हुए बसों को हरी झंडी दिखाई।

11 जिलों के 250 गांवों को जोड़ेंगी 34 बसें

सरकारी बयान में कहा गया कि इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य उन गांवों तक बस सेवा पहुंचाना है जो अब तक सार्वजनिक परिवहन से अछूते रहे हैं और यह सुरक्षित, समय पर एवं किफायती यात्रा सुनिश्चित करेगी जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार होगा। पहले चरण में यह योजना आदिवासी बहुल बस्तर और सरगुजा संभागों के गांवों को कवर करेगी और 34 बसों के जरिए 34 मार्गों पर सेवाएं शुरू की जाएंगी जो 11 जिलों के 250 गांवों को जोड़ेंगी।

स्थानीय स्तर पर पैदा होंगे रोजगार अवसर

बयान में कहा गया कि यह पहल उन गांवों के लिए वरदान साबित होगी जहां सड़क संपर्क सुविधा सीमित है और लोगों को जिला मुख्यालय या अन्य प्रमुख केंद्रों तक पहुंचने के लिए अक्सर लंबी दूरी तक पैदल चलना पड़ता है। इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि योजना का प्राथमिक उद्देश्य ग्राम पंचायतों से जिला मुख्यालयों तक निर्बाध बस संपर्क सेवा सुनिश्चित करना है ताकि ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, रोजगार और बाजारों तक आसान पहुंच प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि सीएमबीआरएस के तहत, सरकार ने बस संचालकों के लिए व्यवहार्यता अंतर निधि का भी प्रावधान किया है जिससे उनकी वित्तीय स्थिरता और दूरदराज के इन इलाकों में निरंतर सेवा सुनिश्चित होगी। अधिकारी ने बताया कि इस कदम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

मुख्यमंत्री ने शनिवार को कहा कि राज्य का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि छत्तीसगढ़ का कोई भी गांव मुख्यधारा के विकास से वंचित न रहे। उन्होंने कहा, ‘‘सीएमआरबीएस का उद्देश्य ग्रामीण जीवन को सरल बनाना और गांवों को शहरों से जोड़ना है। इसका लक्ष्य केवल परिवहन सुविधाएं प्रदान करना ही नहीं बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना भी है।’’ मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना संपर्क सुविधा और सामाजिक एवं आर्थिक समानता को मजबूत करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

(इनपुट - भाषा)

Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!