Chhattisgarh Lift Accident: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में मंगलवार रात को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक पावर प्लांट ऊंचाई से लिफ्ट नीचे गिर गई। जिससे लिफ्ट में सवार चार मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे में 6 मजदूर घायल हो गए। जिनका इलाज चल रहा है। हालांकि अभी तक हादसे की वजह सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि लिफ्ट का हाल ही में मेंटनेंस कार्य कराया गया था। साथ ही लिफ्ट की भार क्षमता भी अंदर मौजूद श्रमिकों से अधिक है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
लिफ्ट में मौजूद थे 10 मजदूर
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना मंगलवार रात जिले के डभरा इलाके में आरकेएम पावरजेन प्राइवेट लिमिटेड बिजली संयंत्र में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लिफ्ट के अंदर 10 श्रमिक थे और अपने नियमित काम के बाद नीचे उतर रहे थे। तभी अचानक लिफ्ट ऊंचाई से नीचे गिर गई। जिससे सभी मजदूर घायल हो गए।
लिफ्ट की क्षमता 2000 किलोग्राम
एसपी ने बताया कि सभी घायलों को पड़ोसी जिले रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चार श्रमिकों की मौत हो गई। अन्य छह घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि लिफ्ट की क्षमता लगभग 2000 किलोग्राम है और इसका रखरखाव कार्य हाल ही में 29 सितंबर को किया गया था। अधिकारी ने बताया कि घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat
