रायपुर

धीरे-धीरे नक्सल मुक्त हो रहा छत्तीसगढ़! कांकेर में 21 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

Naxal Surrender: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 21 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले 21 नक्सलियों में चार डीवीसीएम (डिवीजन वाइस कमेटी मेंबर), नौ एसीएम (एरिया कमेटी मेंबर) और आठ पार्टी सदस्य शामिल हैं। छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों का आत्मसमर्पण जारी है।

Image

कांकेर में 21 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण (फोटो साभार: ANI)

Photo : ANI

Naxal Surrender: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 21 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में 'पूना मारगेम: पुनर्वास से पुनर्जीवन' पहल से प्रभावित होकर 21 नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। इनमें से 18 नक्सलियों ने अपने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली केशकल डिवीजन (नॉर्थ सब ज़ोनल ब्यूरो) के कुएमारी/किसकोडो एरिया कमेटी से संबंधित हैं। इनमें डिवीजन कमेटी के सचिव मुकेश भी शामिल है।

अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले 21 नक्सलियों में चार डीवीसीएम (डिवीजन वाइस कमेटी मेंबर), नौ एसीएम (एरिया कमेटी मेंबर) और आठ पार्टी सदस्य शामिल हैं। नक्सलियों ने हिंसा का मार्ग छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वालों में 13 महिला नक्सली और आठ पुरुष नक्सली शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों द्वारा जमा किए गए हथियारों में तीन एके-47 रायफल, चार एसएलआर रायफल, दो इंसास रायफल, छह .303 रायफल, दो सिंगल शॉट रायफल और एक बीजीएल शामिल है।

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों के समाज में पुनर्वास के लिए आवश्यक विधिक प्रक्रिया जारी है। छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में नक्सलियों का आत्मसमर्पण जारी है। इससे पहले 17 अक्टूबर को जगदलपुर में 153 हथियारों के साथ 210 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था। वहीं, दो अक्टूबर को बस्तर क्षेत्र के बीजापुर जिले में 103 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया था, जिनमें से 49 पर कुल 1.06 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम था।

गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि केंद्र सरकार ने 31 मार्च, 2026 तक देश से नक्सल समस्या की समाप्ति का संकल्प लिया है। उन्होंने हाल ही में अपने बस्तर प्रवास के दौरान नक्सलियों से हथियार छोड़ने की अपील की थी।

Read the Raipur Latest News in Hindi, Raipur Local News in Hindi, Raipur Breaking News and Updates, Raipur News Headlines, Raipur Hindi News Paper & रायपुर (न्यूज़) समाचार @ Times Now Navbharat

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article