शहर

Raigad Accident: महाराष्ट्र के रायगढ़ में बड़ा हादसा; गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, 8 लोगों की दर्दनाक मौत

Maharashtra Raigad Accident News: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग पर स्थित अंबेनली घाट में एक स्कॉर्पियो (SUV) गहरी खाई में गिर गई। इस भीषण सड़क हादसे में सातारा जिले के रहने वाले 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

Image

पोलादपुर-महाबलेश्वर रोड पर हुआ हादसा (सांकेतिक चित्र)

Photo : Times Now Digital

Raigad Accident News: महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले से सोमवार सुबह एक बेहद दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रायगढ़ के पोलादपुर-महाबलेश्वर मार्ग पर स्थित अंबेनली घाट इलाके में एक तेज रफ्तार SUV (स्कॉर्पियो) अनियंत्रित होकर सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिर गई। पुलिस द्वारा सोमवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इस भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई है। सभी मृतक महाराष्ट्र के सातारा जिले के रहने वाले थे।

अंबेनली घाट में हुआ हादसा

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में बताया कि स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार सभी यात्री रत्नागिरी जिले के दापोली से सातारा वापस लौट रहे थे। रविवार रात को जब उनकी गाड़ी पोलादपुर-महाबलेश्वर रोड पर स्थित बेहद खतरनाक और घुमावदार 'अंबेनली घाट' से गुजर रही थी, तभी चालक ने अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित स्कॉर्पियो रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो सातारा जिले के कोरेगांव तालुका के आसगांव गांव की बताई जा रही है। हादसे का शिकार हुए लोग वीकेंड मनाने दापोली गए थे।

घने अंधेरे में चला चला रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गाड़ी गिरते ही उसके परखच्चे उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही पोलादपुर थाना पुलिस, स्थानीय प्रशासन, ट्रेकर्स और रेस्क्यू टीमों के साथ-साथ भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मदद के लिए मौके पर दौड़ पड़े। पुलिस और राहत बचाव दलों ने फौरन युद्ध स्तर पर सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हालांकि, अंबेनली घाट की अत्यधिक गहराई, पथरीली खाई और रात के घने अंधेरे के कारण बचाव कार्य में टीमों को बेहद गंभीर और कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ा। भारी मशक्कत के बाद रस्सियों के सहारे खाई में उतरकर शवों को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article