Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में कुदरत का दोहरा रूप देखने को मिल रहा है। राज्य में एक तरफ जहां सूरज की तपिश और लू लोगों को झुलसा रही है, वहीं दूसरी तरफ कई हिस्सों में बेमौसम बारिश और गरज-चमक का दौर शुरू होने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज सोमवार को राज्य के मौसम में एक बार फिर बड़ा उलटफेर होगा। मौसम विभाग ने विदर्भ के 3 जिलों के लिए भीषण गर्मी का रेड अलर्ट और 6 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि राज्य के अन्य 6 जिलों में गरज के साथ बारिश का येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
विदर्भ में आसमान से बरसेगी आग: विदर्भ में 'रेड अलर्ट' (Vidarbha Heatwave Alert Today)
विदर्भ के जिलों में गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। लगातार तीसरे दिन विदर्भ का ब्रह्मपुर देश का सबसे गर्म शहर बना रहा। विदर्भ में आज भी स्थिति बेहद गंभीर बनी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने अमरावती, चंद्रपुर और वर्धा जिलों के लिए लू का रेड अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में पारा अत्यधिक बढ़ने और हीट वेव के खतरनाक स्तर पर पहुंचने की आशंका है। विदर्भ के अकोला, भंडारा, गढ़चिरोली, गोंदिया, नागपुर और यवतमाल में तीव्र गर्मी को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां के निवासियों को दोपहर के समय घरों में ही रहने की सलाह दी गई है।
पुणे, सोलापुर और मराठवाड़ा में बारिश का 'येलो अलर्ट' (Marathwada Pune Rain Alert Today)
एक तरफ जहां विदर्भ जल रहा है, वहीं दूसरी तरफ मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के लोगों को चिलचिलाती धूप से बड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने सोलापुर, बीड, लातूर, धराशिव, पुणे और अहिल्यानगर जिलों के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 25 मई को पुणे और सोलापुर समेत इन जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ मध्यम स्तर की वर्षा होने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा उत्तर व दक्षिण कोंकण, गोवा, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, कोल्हापुर, सतारा, सांगली, परभणी, नांदेड़ और हिंगोली के कुछ हिस्सों में भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बौछारें पड़ने की उम्मीद है।

देखें कहां कहां है अलर्ट (IMD)
मौसम विभाग की हेल्थ एडवाइजरी: लू के प्रकोप से ऐसे बचें (How to avoid Heat Stroke in Hindi)
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अत्यधिक तापमान के कारण लोगों को हीट स्ट्रोक, पेट में ऐंठन और त्वचा पर चकत्ते (Heat Rashes) हो सकते हैं। इससे बचाव के लिए गाइडलाइंस जारी की गई हैं। प्यास न लगने पर भी लगातार पर्याप्त पानी पीते रहें ताकि शरीर में निर्जलीकरण (Dehydration) न हो। बाहर निकलते समय हल्के रंग के, ढीले और सूती कपड़े पहनें। अपने सिर को गीले कपड़े, टोपी या छाते से ढककर रखें। श्रमिक और फील्ड वर्कर्स दिन के सबसे गर्म समय (दोपहर 12 से 4 बजे) में सीधी धूप में काम करने से बचें। अधिक मेहनत वाले काम सुबह या शाम के ठंडे समय में करें। यदि कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, मतली या अत्यधिक पसीना आने जैसी समस्या महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। बीमार, बुजुर्गों और बच्चों का विशेष ध्यान रखें।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
