चंडीगढ़ : पंजाब से ड्रग्स और नशे के खात्मे को लेकर शुरू किए गए पंजाब सरकार के महत्वाकांक्षी युद्ध नशे विरुद्ध कैंपेन के 300 दिन पूरे हो चुके हैं। पंजाब सरकार ने इस कैंपेन को सफल बताया है और दावा किया है कि पंजाब में ड्रग्स के खात्मे को लेकर इन 300 दिनों में पंजाब सरकार ने सख्त कार्यवाही की है। 1 मार्च 2025 से 23 दिसंबर 2025 तक के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक पंजाब पुलिस ने इस दौरान 28,485 मामले दर्ज किए और 41,517 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान प्रदेश में बड़ी मात्रा में ड्रग्स और अलग-अलग नशों की खेप भी बरामद की गई।
नशीले पदार्थ बरामद
बरामद किए गए नशीले पदार्थों में हेरोइन: 1,819.669 किलो, अफीम: 594.671 किलो, भुक्की/हरे पौधे: 27,160.449 किलो, चरस: 40.764 किलो, गांजा: 577.472 किलो, कोकीन: 4.364 किलो, आइस (सिंथेटिक ड्रग): 25.212 किलो और नशीला पाउडर: 40.551 किलो शामिल है।
इसके अलावा 1,666 नशे के इंजेक्शन, 46,03,652 प्रतिबंधित नशों की गोलियां/कैप्सूल और 15.23 करोड़ रुपये की ड्रग मनी जब्त की गई है। जानकारी के मुताबिक, युद्ध नशे विरुद्ध' कैंपेन का दूसरा चरण 7 जनवरी से 25 जनवरी तक चलेगा। ड्रग मुक्ति मोर्चे के तहत पंजाब को पांच जोन माझा, दोआबा, मालवा ईस्ट, मालवा वेस्ट और मालवा सेंट्रल में बांटा गया है।
पजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस आंदोलन के मुख्य स्तंभों में से एक गांव की रक्षा कमेटियां हैं, जिन्हें अब 'गांव के पहरेदार' के नाम से जाना जाता है। इनकी संख्या लगभग एक लाख वॉलंटियर तक पहुंच गई है। ये वॉलंटियर अपने गांवों और आसपास के इलाकों में बिक रहे नशे को लेकर तुरंत ही सूचना पंजाब पुलिस को देते हैं।
आम आदमी पार्टी का मिशन हो रहा सफल
AAP पंजाब के जनरल सचिव और मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने इस मुहिम को एक ऐतिहासिक और जनतक आंदोलन करार देते हुए कहा कि 'युद्ध नशे विरुद्ध' का स्तर, नीयत और अमल न सिर्फ भारत में बल्कि पूरी दुनिया में बेमिसाल है। पन्नू ने ऐलान किया कि 'युद्ध नशे विरुद्ध' मुहिम का दूसरा पड़ाव 7 जनवरी से 25 जनवरी तक चलेगा। उन्होंने कहा, 'यह किसी पार्टी या सरकार की मुहिम नहीं है, यह पंजाबियों का पंजाब के लिए एक मिशन है।'
वहीं पंजाब के मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने पंजाब सरकार के द्वारा युद्ध नशे विरुद्ध कैंपेन को कामयाब बताते हुए जारी किए गए डाटा पर सवाल खड़े किए हैं कांग्रेस के सीनियर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ राजकुमार वेरका कहा कि पंजाब में अब भी गली मोहल्ले में नशा आसानी के साथ बिक रहा है लेकिन पंजाब सरकार इसके बावजूद अपने कैंपेन को कामयाब बता रही है जबकि हकीकत कुछ और है।
