Pune News: पिछले कुछ वर्षों में, पुणे रेलवे मंडल में पथराव की घटनाओं में वृद्धि हुई है। अकेले 2022 में ऐसी कुल 30 घटनाएं दर्ज की गई हैं। हालांकि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की ओर से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हर संभव कोशिश की जाती है। लेकिन कुछ ऐसे हॉटस्पॉट्स पर रेलवे ट्रैक हैं, जहां पथराव की घटनाएं नियमित रूप से होती रहती हैं। इन घटनाओं को काबू करने करने के लिए आरपीएफ की ओर से चिन्हित कई हॉटस्पॉट्स पर रेलवे ट्रैक के दोनों किनारों पर एक 'रिटेनिंग प्रोटेक्टिव वॉल' बनाने की योजना बनाई जा रही है। जिसके तहत पहले चरण में 10 किलोमीटर लंबी और दो मीटर ऊंची दीवार बनाई जाएगी।
रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मध्य रेलवे (CR) के पुणे खंड में तीन मार्ग हैं। इनमें पुणे से लोनावाला, पुणे से मिराज और पुणे से दौंड तक लोकल, DEMU और एक्सप्रेस ट्रेनों सहित 200 से अधिक ट्रेनें इन दिनों मार्गों पर हर रोज चलती हैं। इन ट्रेनों में नियमित रूप से पथराव की घटनाएं होती रहती हैं जिनमें अब तक कई यात्री घायल हो चुके हैं।
