प्रयागराज

UCC लागू करने पर प्रयागराज में संतों ने किया उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी को सम्मानित

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रयागराज में 'समानता के साथ समरसता' कार्यक्रम में भाग लिया, जहां संतों ने उत्तराखंड में UCC लागू करने पर उनका अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने संतों को धन्यवाद देते हुए इसे उत्तराखंड के नागरिकों का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करना न्याय और समानता की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।

Image

प्रयागराज में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का सम्मान

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को प्रयागराज के आचार्य शिविर में 'समानता के साथ समरसता' कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर संतों ने उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने पर मुख्यमंत्री का हार्दिक अभिनंदन किया और उन्हें पुष्पमाला से सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने संतों को धन्यवाद देते हुए कहा कि त्रिवेणी की पवित्र भूमि और महाकुंभ के अवसर पर संतों का आशीर्वाद मिलना एक सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकसित भारत की कल्पना में संतों का आशीर्वाद महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करना विकसित भारत की ओर एक कदम है। संतों से मिले सम्मान पर उन्होंने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड के प्रत्येक नागरिक का है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा ने 2022 विधानसभा चुनाव से पहले समान नागरिक संहिता लागू करने का संकल्प लिया गया था और सरकार बनने के बाद इसे लागू करने के प्रयास तेज कर दिए गए। उन्होंने कहा कि देवभूमि में अब सभी धर्म और जाति के लोगों के लिए समान कानून हैं। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रेय दिया और कहा कि यह उनके आशीर्वाद से ही यह संभव हो पाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ हमारी सनातन संस्कृति की विशालता का प्रतीक है और संतों का आशीर्वाद मिलना उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। सनातन संस्कृति समानता का अधिकार सिखाती है और इसी प्रेरणा से समान नागरिक संहिता लागू की गई है।

CM Pushkar Singh Dhami in Prayagraj.

राज्य में यूसीसी लागू करने पर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी को किया गया सम्मानित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता न्याय और समानता की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है और यह कानून देश को दिशा दिखाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि यूसीसी प्रधानमंत्री के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत‘ के संकल्प को पूरा करती है और यह हमारी भावी पीढ़ियों के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में सभी राज्यों में यूसीसी लागू किया जाएगा।

आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरि महाराज ने कहा कि उत्तराखंड जैसा दिव्य स्थान कोई नहीं है और मुख्यमंत्री धामी सभी संतों के प्रिय हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने यूसीसी लागू कर समाज में भेदभाव को खत्म कर दिया है और यह साबित कर दिया है कि वे भारतीय परंपराओं के प्रति संवेदनशील हैं।

स्वामी चिदानंद मुनि महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने समान नागरिक संहिता लागू करके भारत माता का मान बढ़ाया है और यह कानून देश को एक नई राह दिखाएगा। इस अवसर पर कई संतगण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article