Mahakumbh Magh Purnima Snan: प्रयागराज में आज माघी पूर्णिमा के अवसर पर प्रयागराज में पांचवा स्नान है। मेला क्षेत्र में आज तड़के से ही श्रद्धालु बड़ी तादाद में शाही स्नान के लिए आ रहे हैं। इस दौरान प्रयागराज जंक्शन पर भी श्रद्धालुओं की भीड़ आने का सिलसिला लगातार जारी है। महाकुंभ में जितनी भीड़ स्नान करने के लिए पहुंच रही है, उतनी ही भारी संख्या में लोग स्नान कर अपने-अपने घरों को लौट रहे हैं। महाकुंभ स्पेशल ट्रेनों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। सिर्फ ट्रेन ही नहीं बल्कि रेलवे स्टेशन पर भी भारी संख्या में भारी संख्या में श्रद्धालु सामान लिए बैठे नजर आए, जो अपने घर जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे है।
रेलवे स्टेशन पर क्राउड मैनेजमेंट
प्रयागराज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म भी श्रद्धालुओं से खचाखच भरे हुए हैं। जिसे देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी ने प्लेटफार्म पर मोर्चा संभाल रखा है। श्रद्धालुओं को ट्रेनों की जानकारी देने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए अनाउंसमेंट की जा रही है। इसके साथ ही क्राउड मैनेजमेंट के लिए ट्रेन की बोगी में क्षमता के अनुसार ही श्रद्धालुओं को बैठाया जा रहा है। इस दौरान जो श्रद्धालुओं ट्रेन के गेट पर लटकर यात्रा करने का कोशिश कर रहे हैं। उन्हें आरपीएफ और जीआरपी द्वारा ट्रेन से उतारा जा रहा है। श्रद्धालुओं को यह भी जानकारी दी जा रही है कि रेलवे स्टेशन पर हर 15 मिनट पर दूसरी ट्रेन आ रही है। ऐसे में वे अपनी जान को जोखिम में डालकर सफर न करें।
आज 10 बजे तक 1.30 करोड़ लोगों ने किया स्नान
महाकुंभ में आज माघी पूर्णिमा स्नान के अवसर पर सुबह 10 बजे तक 1.30 करोड़ से अधिक लोगों ने डुबकी लगा चुके हैं। मेला क्षेत्र में बुधवार तड़के से ही श्रद्धालुओं का गंगा और संगम घाट की ओर आना शुरू हो गया। मेला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक महाकुंभ में 47.45 करोड़ से अधिक लोगों ने अब तक स्नान किया है। माघी पूर्णिमा के मौके पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह चार बजे से ही लखनऊ स्थित अपने आधिकारिक आवास में बने ‘वार रूम’ से मेला क्षेत्र की निगरानी कर रहे हैं। इस दौरान उनके साथ पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशांत कुमार, प्रमुख सचिव (गृह) संजय प्रसाद समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
