शहर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल करेंगे Kolkata Metro की कई लाइनों और एक सबवे का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी शुक्रवार 22 अगस्त को ममता दीदी के घर यानी कोलकाता में कई मेट्रो लाइनों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसमें नोआपाड़ा–जय हिंद बिमानबंदर मेट्रो और सियालदाह–एस्प्लेनेड मेट्रो की दो लाइनें भी शामिल हैं। इसके अलावा पीएम मोदी कल कोलकाता में एक सबवे का भी उद्घाटन करेंगे।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फाइल फोटो

Photo : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी शुक्रवार 22 अगस्त को कोलकाता दौरे पर जाएंगे। बता दें कि कोलकाता में 13.61 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो नेटवर्क बनकर तैयार हो चुका है और प्रधानमंत्री इसका उद्घाटन भी करेंगे। प्रधानमंत्री इस अवसर पर जेसोर रोड से नोआपाड़ा–जय हिंद बिमानबंदर मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सियालदाह–एस्प्लेनेड मेट्रो सेवा और बेलीघाटा–हेमंत मुखोपाध्याय मेट्रो सेवा की भी शुरुआत करेंगे।

इन मेट्रो मार्गों के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को हावड़ा मेट्रो स्टेशन पर बने नए सबवे का भी उद्घाटन करेंगे। बता दें कि नोआपाड़ा–जय हिंद बिमानबंदर मेट्रो सेवा से यात्रियों के लिए कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना और आसान हो जाएगा। वहीं, सियालदाह–एस्प्लेनेड मेट्रो से इन दो जगहों के बीच यात्रा समय घटकर 11 मिनट का रह जाएगा, जो पहले लगभग 40 मिनट था।

बेलीघाटा–हेमंत मुखोपाध्याय मेट्रो सेक्शन आईटी हब से कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। इन नई सेवाओं से कोलकाता के कुछ सबसे व्यस्त इलाकों को जोड़ा जाएगा, जिससे यात्रा में लोगों का काफी समय बचेगा।

यही नहीं, ये मेट्रो मार्ग शहर में मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को भी मजबूत करेंगे, जिससे लाखों दैनिक यात्रियों को फायदा होगा। इस नए नेटवर्क से न सिर्फ आम लोगों की यात्रा सुगम होगी, बल्कि व्यावसायिक गतिविधियों और आईटी सेक्टर को भी नई रफ्तार मिलेगी।

कुल मिलाकर, कोलकाता की परिवहन व्यवस्था में यह एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा, जो शहर को भविष्य की स्मार्ट मोबिलिटी से जोड़ देगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article