शहर

Bihar Diwas 2026: 114 साल का हुआ गौरवशाली बिहार, सांस्कृतिक महाकुंभ का होगा आगाज; PM मोदी ने दीं शुभकामनाएं

22 मार्च 1912 को बंगाल से अलग होकर अस्तित्व में आया बिहार आज अपनी स्थापना के 114वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यवासियों को बधाई देते हुए विकसित बिहार से विकसित भारत के संकल्प को दोहराया है।

Image

बिहार दिवस पर PM मोदी ने दी शुभकामनाएं

Photo : Times Now Digital

Bihar Foundation Day 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'बिहार दिवस' के अवसर पर राज्य के लोगों को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक बेहद आत्मीय संदेश साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार न केवल भारतीय विरासत की दिव्यता का प्रतीक है, बल्कि आज विकास की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए भी तत्पर है।

PM मोदी ने अपने संदेश में लिखा:

"बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के अपने सभी परिवारजनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। भारतीय विरासत को भव्यता और दिव्यता प्रदान करने वाला हमारा यह प्रदेश आज प्रगति के नित-नए अध्याय गढ़ने में जुटा है। मुझे विश्वास है कि विकसित बिहार के साथ विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में यहां के कर्मठ एवं ऊर्जावान लोगों का समर्पण और सामर्थ्य बहुत काम आएगा।"

'उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार': गांधी मैदान में शाम 5 बजे से जश्न

प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं के बीच, राजधानी पटना आज एक 'सांस्कृतिक महाकुंभ' की गवाह बनने जा रही है। शाम 5 बजे ऐतिहासिक गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस भव्य समारोह का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहेंगे। इस वर्ष की थीम ‘उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार’ रखी गई है, जो राज्य की आधुनिक सोच और प्राचीन गौरव के मेल को दर्शाती है।

सोना महापात्रा के सुरों से सजेगी शाम, भिखारी ठाकुर की कला का दिखेगा जादू

बिहार दिवस का यह जश्न सिर्फ भाषणों तक सीमित नहीं है। गांधी मैदान के मुख्य मंच पर आज बॉलीवुड की प्रसिद्ध गायिका सोना महापात्रा अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी। वहीं, कला और संस्कृति के प्रेमियों के लिए श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में पंडित जगत नारायण पाठक का ध्रुपद गायन और ओडिसी नृत्य की प्रस्तुतियां होंगी। रविंद्र भवन में लोक संस्कृति की मिठास घुलेगी, जहां कमलेश कुमार सिंह के गीतों के बाद भोजपुरी के 'शेक्सपियर' कहे जाने वाले भिखारी ठाकुर की कालजयी रचना ‘गबरघिचोर’ का मंचन किया जाएगा।

आम लोगों के लिए खास क्या है?

दो दिनों (22-23 मार्च) तक चलने वाले इस उत्सव में आम लोगों के लिए प्रवेश पूरी तरह निशुल्क है। गांधी मैदान में न केवल संगीत, बल्कि बिहार की विकास योजनाओं की प्रदर्शनी, शानदार पुस्तक मेला और जीभ का स्वाद बढ़ाने वाला 'व्यंजन मेला' भी लगाया गया है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article