Bihar SIR New Voters: बिहार में आगामी चुनावों की तैयारियों के तहत चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision) अभियान में अब तक 1 लाख 98 हजार 660 पात्र नागरिकों ने नए मतदाता के रूप में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया है। ये सभी नागरिक 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के हैं और इन्होंने फॉर्म 6 भरकर निर्वाचन आयोग के पास आवेदन जमा किया है।
आपत्तियों की संख्या 60 हजार पार
बुधवार को निर्वाचन आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रारूप मतदाता सूची को लेकर राज्यभर से अब तक कुल 60 हजार 10 दावे और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं। नियमानुसार, प्रत्येक दावे या आपत्ति का निपटारा सात दिनों के भीतर किया जाना अनिवार्य है। चुनाव आयोग ने इस दिशा में कार्रवाई करते हुए अब तक 2 हजार 394 मामलों का निपटारा कर दिया है।
BLA की निष्क्रियता पर उठे सवाल
चुनाव आयोग ने दो अगस्त से दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया शुरू की थी, जिसके तहत किसी भी राजनीतिक दल के BLA (बूथ लेवल एजेंट) ने अब तक कोई दावा या आपत्ति दर्ज नहीं किया है। यह स्थिति तब है जब राज्य में 12 मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के कुल 1 लाख 60 हजार 813 BLA नियुक्त किए गए हैं। इनकी भूमिका मतदाता सूची की निगरानी और सुधार प्रक्रिया में अहम मानी जाती है।
एक अगस्त को हुई थी लिस्ट जारी
बिहार में प्रारूप मतदाता सूची का एक अगस्त को जारी किया गया था। इसके बाद दो अगस्त से मतदाताओं से दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जा रही हैं। चुनाव आयोग का लक्ष्य है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में हो और किसी भी तरह की गलती को समय रहते ठीक किया जा सके।चुनाव आयोग की अपील
निर्वाचन आयोग ने आम जनता से अपील की है कि जो भी नागरिक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं या मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की त्रुटि पाते हैं, वे निर्धारित फॉर्म के माध्यम से जल्द से जल्द आवेदन करें। साथ ही राजनीतिक दलों से भी अपेक्षा जताई गई है कि वे अपने BLA के माध्यम से सूची की शुद्धता सुनिश्चित कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
