Saran Road Accident: बिहार के सारण जिले के नयागांव थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ में जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कई की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक यह घटना छपरा-हाजीपुर नेशनल हाइवे पर नयागांव थाना क्षेत्र के बाजितपुर फोरलेन के पास हुई। पुलिस के अनुसार यह घटना तब हुई जब एक पिकअप वैन मक्का लादकर दिघवारा से हाजीपुर जा रही थी।
तेज रफ्तार से चल रही पिकअप का अचानक एक टायर फट गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ा और वह सड़क पर पलट गई। वाहन के पलटने के साथ ही उसपर सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोग भी पहुंच गए। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल सोनपुर में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सभी को घायलों को सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस दुर्घटना में घटनास्थल पर ही चार लोगों की मौत हो गई है।
20 से 22 लोग सवार
इस घटना में 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सभी पिकअप पर मक्का लोड करके भूनवाने वैशाली जिले के सराय जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, पिकअप पर 20 से 22 लोग सवार थे, सभी एक गांव के रहने वाले थे। इसी दौरान बाजितपुर के निकट पिकअप का एक टायर ब्लास्ट कर गया। पुलिस ने सभी शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है तथा मामले की छानबीन की जा रही है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
(इनपुट - आईएएनएस)
