पटना

बिहार के खगड़िया में दर्दनाक हादसा; नाव पलटने से दो सगी बहनों की डूबकर मौत

बिहार के खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें दो सगी बहनों की डूबकर मौत हो गई। गंडक नदी की तेज धारा में नाव असंतुलित होकर डूब गई, जिससे 14 वर्षीय संजना और 8 वर्षीय पवित्रा की जान चली गई। इस घटना ने गोगरी विश्वास टोला के देवेंद्र तांती के परिवार को गहरे मातम में डाल दिया है।

Image

गंडक नदी में डूबी दो बहनों की मौत (सांकेतिक फोटो: Canva)

Gandak River Accident: बिहार के खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में दो सगी बहनों की डूबकर मौत हो गई। यह हादसा सोमवार को इमादपुर बिंदटोली के पास गंडक नदी की एक उपधारा में हुआ, जब दोनों बहनें नदी की मुख्यधारा में स्नान करने के लिए नाव से जा रही थीं। मृत बच्चियों की पहचान 14 वर्षीय संजना कुमारी और 8 वर्षीय पवित्रा पीहू के रूप में हुई है। दोनों गोगरी विश्वास टोला निवासी देवेंद्र तांती की पुत्रियां थीं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बहनें एक छोटी नाव पर सवार होकर गंडक नदी की मुख्यधारा में स्नान करने जा रही थीं, लेकिन ओवरलोडिंग की वजह से नाव असंतुलित होकर डूब गई। नाव में सवार अन्य लोग किसी तरह तैरकर किनारे आ गए, लेकिन संजना और पवित्रा पानी की तेज धारा में बह गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और काफी प्रयास के बाद दोनों शवों को बरामद किया गया। गोगरी पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

गोगरी के सीओ दीपक कुमार ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली दोनों बच्चियों के परिजनों को राज्य सरकार की आपदा राहत योजना के तहत चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घटना के बाद पीड़ित परिवार में मातम का माहौल है, वहीं मृत बच्चियों की मां की हालत बिगड़ने पर उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article