पटना

Patna: पटना में प्रतिमा विसर्जन और आर्केस्ट्रा में फायरिंग, युवक की मौत, दूसरा गंभीर

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 2, 2022, 05:20 PM IST

Patna Police: राजधानी में छठ पूजा के बाद मां लक्ष्मी की प्रतिमा विसर्जन और आर्केस्ट्रा के दौरान दो अलग-अलग जगहों पर फायरिंग हो गई। इसमें दो लोगों को गोली लगी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक मनेर थाना क्षेत्र के महुआरी बगीचा गांव का रहने वाला था।

Image

पटना में मामूली बात पर चलीं ताबड़तोड़ गोलियां (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • महुआरी बगीचा गांव में स्थापित हुई थी माता लक्ष्मी की प्रतिमा
  • दनियावां निवासी घायल मनोज का निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
  • आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही छापेमारी

Patna Crime News: पटना के मनेर और फतुहा क्षेत्र में छठ पूजा के बाद प्रतिमा विसर्जन जुलूस और आर्केस्ट्रा के समय फायरिंग में एक युवक की जान चली गई। जबकि आर्केस्ट्रा के दौरान फायरिंग में घायल दूसरा शख्स जिंदगी और मौत से लड़ रहा है। पहली घटना मनेर थाना क्षेत्र की है। यहां महुआरी बगीचा गांव में मां लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित की गई थी। प्रतिमा विसर्जन के दौरान आर्केस्ट्रा की धुन पर श्रद्धालु नाच रहे थे। इसी बीच महुआरी बगीचा निवासी 22 साल के रोशन कुमार को गोली मार दी गई। इससे उसकी मौत हो गई।

इससे पहले परिजन घायल रोशन को लेकर गांव के पास एक निजी अस्पताल में गए थे। वहां से डॉक्टर ने उसे पीएमसीएच रेफर कर दिया था। पीएमसीएच पहुंचने पर डॉक्टर ने रोशन को मृत घोषित कर दिया। युवक के परिजनों ने गांव के उपेंद्र सिंह के बेटे शशिकांत पर विसर्जन जुलूस के दौरान हर्ष फायरिंग करने का आरोप लगाया है।

शशिकांत ने दी हत्या करने की धमकी

रोशन के रिश्तेदार पंकज गिरि का कहना है कि, सराय तालाब पर छठ पूजा के अर्घ्य के दौरान पटाखा फोड़ने को लेकर शशिकांत और रोशन के बीच लड़ाई हुई थी। उस वक्त आरोपी ने रोशन को हत्या करने की धमकी दी थी। जब विसर्जन जुलूस में रोशन को गोली लगी तो शशिकांत वहीं मौजूद था।

आर्केस्ट्रा में आगे बैठने के लिए हुआ था विवाद

फतुहा के दनियावां बाजार निवासी स्वर्ण व्यवसायी मनोज कुमार सिकंदरपुर गांव स्थित ससुराल में छठ मनाने आए हुए थे। यहां गांव में तालाब के पास भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित की गई थी, जहां आर्केस्ट्रा का भी आयोजन हुआ था। आर्केस्ट्रा शुरू होने पर मनोज आगे की सीट पर बैठने गए, तभी उनकी बहस तीन युवकों से हो गई। इसके बाद उन युवकों ने मनोज के सीने में गोली मार दी।

मनोज की पत्नी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज

आर्केस्ट्रा के दौरान फायरिंग होने से वहां भगदड़ मच गई। घायल मनोज को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। मनोज की पत्नी के बयान पर पुलिस ने तीन लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। मनेर पुलिस द्वारा रोशन के हत्या के आरोपी शशिकांत की गिरफ्तारी के लिए उसके घर पहुंची थी, लेकिन वह फरार था। इधर, फतुहा में मनोज के हमलावरों को भी पुलिस तलाश रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article