पटना

नवादा में ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड; लिंक खोलना पड़ा भारी, पैसे कमाने के लालच में गंवाए लाखों रुपये

बिहार के नवादा जिले के चितरकोली गांव से ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति करीब 7.86 लाख रुपये गंवा बैठा। ठगों ने उन्हें एक प्रमोशनल ट्रायल में पैसे कमाने का लालच दिया, जिसके बाद उन्होंने कई बार अलग-अलग रकम ट्रांसफर की।

Image

नवादा में ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड का मामला (सांकेतिक फोटो)

Photo : Times Now Digital

बिहार के नवादा जिले के रजौली प्रखंड के चितरकोली गांव निवासी पप्पू कुमार एक ऑनलाइन गेमिंग फ्रॉड का शिकार हो गए, जिसमें उन्होंने कुल 7,86,971 रुपये गंवा दिए। पप्पू को एक लिंक भेजा गया था, जो के रहेजा कॉर्प के नाम से था। लिंक खोलने पर उन्हें बिस प्रमोशन ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए कहा गया, जिसमें उन्हें 9102 रुपये मिले। जब उन्होंने यह राशि अपने बैंक खाते में सफलतापूर्वक ट्रांसफर कर ली, तो साइबर अपराधियों ने दोबारा खेलने के लिए प्रेरित किया और 10,000 रुपये निवेश करने को कहा।

जानकारी के मुताबिक, पप्पू ने जब पैसे की कमी की बात कही तो आरोपियों ने उन्हें 7,800 रुपये निवेश करने को कहा और बाकी 2,200 रुपये बोनस के रूप में मिलने का लालच दिया। इसी तरह धोखे में आकर पप्पू ने कई बार अलग-अलग रकम ट्रांसफर की — जिनमें 7,800, 1,535, 9,999, 30,000, 49,748, 50,000, 40,000, 72,869 और अंत में 5,25,020 रुपये शामिल हैं।

धोखाधड़ी का एहसास होने पर पप्पू ने 7 जून को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर साइबर थाना में कांड संख्या-84/25 के तहत अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ठगे गए पैसों की रिकवरी की प्रक्रिया भी जारी है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article