पटना

Bihar Govt: राबड़ी देवी को खाली करना होगा 10 सर्कुलर रोड वाला सरकारी बंगला; नीतीश सरकार की निगाहें क्यों हुईं टेढ़ी?

राबड़ी देवी को दस सर्कुलर रोड आवास खाली करना होगा। भवन निर्माण विभाग ने राबड़ी देवी के लिए नए आवास का आवंटन किया है।

Image

राबड़ी देवी को खाली करना होगा सरकारी आवास। फोटो- ट्वीटर

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को दस सर्कुलर रोड आवास खाली करना होगा। भवन निर्माण विभाग ने यह कदम तब उठाया है, जब हाल ही में नीतीश कुमार ने दसवीं बार सीएम पद की शपथ ली। हालांकि राबड़ी देवी के लिए नए आवास का भी आवंटन कर दिया गया है। राबड़ी देवी को केन्द्रीय पूल आवास संख्या-39,हार्डिंग रोड दिया गया है। इस बाबत संयुक्त सचिव-सह-भू-सम्पदा पदाधिकारी शिव रंजन ने नए आवास के लिए लेटर जारी किया है।

एनडीए की सरकार की बनते ही बड़े फैसले

बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनी एनडीए की सरकार ने अब कामकाज संभाल लिया है। इसके तहत कई तरह के फैसले भी किए जा रहे हैं। इस बीच, बिहार सरकार के भवन निर्माण विभाग ने मंगलवार की शाम को प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को उनका सरकारी आवास 10, सर्कुलर रोड खाली करने का आदेश जारी कर दिया है। भवन निर्माण विभाग द्वारा उन्हें अब 39 हार्डिंग पार्क आवास आवंटित किया गया है। भवन निर्माण विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद के आवासन के लिए पटना केंद्रीय पूल का आवास संख्या-39, हार्डिंग रोड, पटना कर्णांकित किया जाता है। तदनुसार पूर्वादेश को विखंडित करते हुए राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद् को नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद् के कर्णांकित आवास संख्या-39, हार्डिंग रोड, पटना आवंटित किया जाता है।

न्यूज एजेंसी आईएनएस के हवाले से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी लंबे समय से सरकारी बंगला 10 सर्कुलर रोड में रह रही हैं। इसी सरकारी आवास में पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव भी रहते हैं। इसके अलावा भी कई मंत्रियों के लिए नए आवासों को आवंटित किया गया है। भवन निर्माण विभाग द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को जहां 5, देशरत्न मार्ग आवंटित किया गया है, वहीं विजय कुमार सिन्हा को 3, स्ट्रैंड रोड, विजय कुमार चौधरी को 5, सर्कुलर रोड, मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव को 1, स्ट्रैंड रोड, और मंत्री श्रवण कुमार को 12 ए नेहरू पथ सरकारी बंगला आवंटित किया गया है।

इसके अतिरिक्त अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान को 16-6 नेहरू पथ, स्वास्थ्य विभाग के मंत्री मंगल पांडेय को 4, टेलर रोड, अशोक चौधरी को 2, पोलो रोड, लेसी सिंह को 15, सर्कुलर रोड आवंटित किया गया है, जबकि मदन सहनी को 7, पोलो रोड, नितिन नबीन को 3, टेलर रोड और मंत्री संतोष कुमार सुमन को 25 एम स्ट्रैंड रोड आवंटित किया गया है। शिक्षा विभाग के मंत्री सुनील कुमार को 26 ए हार्डिंग पार्क सरकारी बंगला आवंटित किया गया।

Saket kumar
साकेत कुमारauthor

साकेत कुमार के पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 18 वर्षों का लंबा अनुभव है। वर्तमान में वह Times Now Navbharat के पटना ब्यूरो प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं और बिहार की राजनीति, प्रशासन, सामाजिक मुद्दों और ग्राउंड रिपोर्टिंग में गहरी पकड़ रखते हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान कई महत्वपूर्ण खबरों को कवर किया है और निष्पक्ष, तथ्यपरक और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं। साकेट की रिपोर्टिंग में जमीनी हकीकत, गहन रिसर्च और दर्शकों तक सटीक जानकारी पहुंचाने की प्रतिबद्धता साफ दिखाई देती है।

और पढ़ें
End of Article