Bihar: बिहार में नीतीश सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले एक बड़ा दांव चल दिया है। बिहार सरकार ने घोषणा की है कि वो गरीबों को रोजगार के लिए सरकार मदद देगा। नीतीश कैबिनेट ने घोषणा की है कि वो गरीब परिवारों को 2-2 लाख रुपये देगी। जिससे रोजगार शुरू किया जा सकेगा।
तीन किश्तों में मिलेगी राशि
बिहार में गरीब परिवारों को रोजगार के लिए सरकार दो-दो लाख रुपए देगी। यह राशि तीन किश्तों में लाभुकों को दिया जाएगा। बिहार मंत्रिमंडल ने मंगलवार को इसकी स्वीकृति दे दी। इसके तहत बिहार में चिन्हित 94 लाख 33 हजार 312 गरीब परिवारों के एक-एक सदस्य को दो-दो लाख रुपए सहायता राशि के रूप में मिलेंगे। यह सभी वर्गों के लोगों को दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जातीय गणना के बाद ही गरीब परिवारों को दो-दो लाख रुपए देने की घोषणा की थी।
कितना है बजट
पहले साल 25 फीसदी, दूसरे साल 50 फीसदी और तीसरे साल 25 फीसदी राशि देय होगी। यह योजना पांच वर्षों के लिए लागू की गयी है। वर्ष 2023-24 में 250 करोड़ रुपए, 2024-25 में सांकेतिक रूप से 1,000 करोड़ रुपए, कुल 1,250 करोड़ की राशि पर प्रशासनिक स्वीकृति दी गयी है।
18 प्रस्तावों को मंजूरी
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक के बाद मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ ने पत्रकारों को बताया कि उद्योग विभाग के अन्तर्गत राज्य के विभिन्न वर्गों के गरीब परिवारों के आर्थिक विकास के लिए बिहार लघु उद्यमी योजना की स्वीकृति दी गई।
