पटना

Patna Covid Update: पटना में मिले 2 नए कोरोना मरीज, इन राज्यों से वापस लौटे थे युवक

बिहार में कोरोना की दस्तक से स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लंबे समय बाद दो नए मरीज मिलने से सतर्कता बढ़ा दी गई है।

Image

पटना में कोरोना

Photo : BCCL

पटना: कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ने फिर से दहशत का माहौल कायम कर दिया है। एक बार फिर पटना में कोरोना वायरस से संक्रमित दो मरीजों की पहचान से स्वास्थ्य महकमा परेशान है। इनमें से एक मरीज केरल की यात्रा कर लौटा है, जबकि दूसरा असम की यात्रा से बिहार आया है। स्वास्थ्य विभाग ने पुष्टि करते हुए दोनों रोगियों को होम आइसोलेशन में रहने की हिदायत दी है।

दो युवकों में संक्रमण के लक्षण

स्वास्थ्य विभाग के सचिव सह स्वास्थ्य समिति के कार्यपालक निदेशक संजय कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि जिन दो मरीजों में कोविड वायरस की पुष्टि हुई है, उनमें से एक मरीज के सैंपल की जांच इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान पटना भेजी गई थी, जबकि दूसरे की जांच इएसआइसी अस्पताल बिहटा में हुई। दोनों में संक्रमण के लक्षण पाए गए हैं। हालांकि, डॉक्टर इस पिछले वैरिएंट से इस वायरस के कम घातक होने की बात कह रहे हैं।

केरल की यात्रा पड़ी भारी

संजय सिंह के अनुसार 29 वर्षीय संक्रमित मरीज गर्दनीबाग का निवासी है। इसमें सर्दी-खांसी के लक्षण पाए जाने के बाद उसने अपना सैंपल गर्दनीबाग अस्पताल में देकर जांच कराई थी। जांच के बाद कोरोना के लक्षण की पुष्टि हुई है। बता चला है कि यह व्यक्ति हाल ही में केरल की यात्रा कर लौटा है। युवक में वायरस की पुष्टि के बाद इसके परिवार के अन्य सदस्यों की जांच कराई जा रही है।

कोविड टेस्ट में वायरस की पुष्टि

वहीं, जिस दूसरे मरीज की पहचान हुई है वह मूल रूप से बांका का रहने वाला है। यह भी असम की यात्रा से लौटा है। यह पटना का ही रहने वाला है और जो साइनस के ऑपरेशन के लिए इएसआइसी अस्पताल बिहटा गया था। यहां कोविड टेस्ट में वायरस की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को आग्रह किया है कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर मास्क और सैनिटाइजर का और संभव उपयोग करें। आपको बता दें कोरोना के नए वैरिएंट JN.1 के कई मामले देश के अलग-अलग राज्यों से सामने आए हैं। केरल, गोवा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में कोरोना के केस सामने आने के सभी राज्य सरकारों ने सतर्कता बढ़ा दी है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!