Nitish Cabinet Decisions: बिहार में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं और चुनाव से पहले नीतीश सरकार ने कई अहम घोषणाएं की हैं, जिन्हें चुनावी रणनीति के तहत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बुधवार को नीतीश कैबिनेट ने राज्य के जेपी सेनानियों की पेंशन दोगुना करने का फैसला किया। इसके अलावा, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, सहरसा और भागलपुर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट सर्वे के लिए बजट जारी किया गया, गया हवाई अड्डे के विस्तार को मंजूरी दी गई और पटना के पुनपुन पिंडदान स्थल पर लक्ष्मण झूला बनाने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया।
कौन होते हैं जेपी सेनानी?
जेपी सेनानी वे लोग होते हैं, जो बिहार में लोकनायक जेपी के नेतृत्व में 18 मार्च 1974 से 21 मार्च 1977 तक चले आंदोलन के दौरान मिसा/डीआईआर के अधीन जेल में एक महीने से लेकर छह महीने या उससे अधिक समय तक बंद रहे। राज्य सरकार इन व्यक्तियों को पेंशन देती है। पहले उन्हें ₹7,500 और ₹15,000 पेंशन मिलती थी, जिसे अब दोगुना कर ₹15,000 और ₹30,000 कर दिया गया है।
ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट का सर्वे
नीतीश कैबिनेट ने ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए मुंगेर, मुजफ्फरपुर, सहरसा और भागलपुर में सर्वे शुरू करने के लिए ₹2 करोड़ 90 लाख 91,720 स्वीकृत किए हैं। गया हवाई अड्डे का विस्तार भी किया जाएगा, जिसमें 18.2442 एकड़ भूमि अर्जित की जाएगी और कैट वन लाइट का निर्माण होगा, जिससे खराब मौसम और धुंध में भी विमान संचालन संभव होगा।
लक्ष्मण झूला सस्पेंशन पुल का निर्माण
पटना के पुनपुन पिंडदान स्थल पर लक्ष्मण झूला सस्पेंशन पुल का निर्माण किया जाएगा, जिसके लिए ₹82 करोड़ 90 लाख 48,000 स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही अमृतसर–कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर के निर्माण की रफ्तार भी तेज होगी। इससे पहले भी नीतीश सरकार ने कई ऐसी घोषणाएं की हैं जिन्हें वोटबैंक निर्माण के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
