पटना

Bihar News: फिल्मों के प्रोत्साहन से प्रोड्यूसर्स को मिल रही मदद, पूरी तरह बिहार में शूट हो रही 'टिया' फिल्म

बिहार सरकार की फिल्मों को लेकर नई प्रोत्साहन नीति से फिल्म मेकर्स को बहुत फायदा हो रहा है। फिलहाल बिहार में फिलहाल 'टिया' फिल्म की शूटिंग चल रही है, जिसके प्रोड्यूसर ने खुलकर यह बात कही कि उन्हें शूटिंग के दौरान भरपूर सरकारी सहयोग मिला।

Image

वाल्मीकिनगर से पटना तक में शूट हो रही 'टिया' मूवी

Photo : PTI

Bihar: बिहार सरकार की नई फिल्म प्रोत्साहन नीति राज्य में हिंदी फिल्म निर्माताओं के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं साबित हो रही है। बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के प्रयासों से अब फिल्म उद्योग का ध्यान लगातार बिहार की ओर आकर्षित हो रहा है। इसका ताजा उदाहरण फिल्म 'टिया' है, जिसकी 100 प्रतिशत शूटिंग बिहार में ही की जा रही है।

राव देवेंद्र सिंह के निर्देशन में बन रही यह एक सस्पेंस थ्रिलर फिल्म है, जिसमें 'द कश्मीर फाइल्स' के अभिनेता दर्शन कुमार और 'काली काली आंखें' वेब सीरीज की अभिनेत्री आंचल सिंह मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। बाल कलाकार की भूमिका ईरा सिन्हा निभा रही हैं।

शूटिंग में मिला सहयोग

फिल्म की शूटिंग वाल्मीकिनगर से शुरू हुई और अब राजधानी पटना में चल रही है। फिल्म निर्माता सागर श्रीवास्तव ने राज्य सरकार की इस नीति की खुलकर सराहना की और बताया कि उन्हें शूटिंग के दौरान न केवल सरकारी सहयोग मिला। बल्कि, स्थानीय लोगों से भी भरपूर समर्थन प्राप्त हुआ।

नवंबर में आएगी फिल्म

फिल्म का 90 प्रतिशत हिस्सा वाल्मीकिनगर और आसपास के क्षेत्रों में फिल्माया गया है। जबकि, शेष 10 फीसदी शूटिंग पटना के बोरिंग रोड, मरीन ड्राइव, इस्कॉन मंदिर और राजवंशी नगर जैसी जगहों पर हो रही है। 20 जून तक पूरी शूटिंग समाप्त हो जाएगी और यह फिल्म नवंबर में सिनेमाघरों में रिलीज होने की संभावना है।

स्थानीय युवाओं को अवसर मिलने की उम्मीद

इस मामले में कला, संस्कृति और युवा विभाग के सचिव प्रणव कुमार का कहना है कि फिल्म 'टिया' की पूरी शूटिंग बिहार में होना राज्य के लिए एक सकारात्मक संकेत है। यह देखकर प्रसन्नता होती है कि फिल्म निर्माता अब बिहार की संस्कृति, लोकेशंस और स्थानीय प्रतिभाओं को गंभीरता से ले रहे हैं। चाहे वाल्मीकि नगर की प्राकृतिक सुंदरता हो या पटना की आधुनिक पहचान, इन सबको बड़े पर्दे पर देखना गर्व की बात है। मुझे उम्मीद है कि ऐसे प्रयासों से न केवल फिल्म उद्योग को गति मिलेगी बल्कि स्थानीय युवाओं को नए अवसर भी प्राप्त होंगे। बिहार में इस तरह की रचनात्मक गतिविधियां लगातार बढ़ें, मैं व्यक्तिगत रूप से यही कामना करता हूं।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article