पटना

'खगड़िया MP राजेश वर्मा की मौत मेरे हाथों से होगी', चिराग पासवान की पार्टी के सांसद को धमकी देने वाला गिरफ्तार

खगड़िया से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के सांसद राजेश वर्मा को हत्या की धमकी देने वाले शख्स को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कुंदन को समस्तीपुर से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसने खुलासा किया कि उसने ऐसा क्यों किया।

Image

सांसद को धमकी देने वाला समस्तीपुर से गिरफ्तार (फोटो - AI)

खगड़िया से सांसद राजेश वर्मा को हत्या की धमकी देने वाले आरोपी कुंदन को समस्तीपुर जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि 11 अगस्त की रात सांसद को धमकी मिली थी। खगड़िया के सांसद के सरकारी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा मैसेज आया।

मैसेज में लिखा था कि खगड़िया एमपी राजेश वर्मा की मौत मेरे हाथों से होगी, इलेक्शन 2025 से पहले। साइबर थाना के डीएसपी कनिष्क श्रीवास्तव ने इस मामले में केस दर्ज कराया और इंस्पेक्टर राकेश कुमार को जांच की जिम्मेदारी दी गई। गिरफ्तारी के बाद, आरोपी कुंदन ने बताया कि उसने धमकी देने के लिए अपने साले दीपक के नाम पर रजिस्टर्ड सिम का उपयोग किया था।

कुंदन का ससुराल वालों के साथ विवाद था, और उसने बदला लेने के लिए यह साजिश रची। उसे अपने भाई से बातचीत के दौरान पता चला कि राजेश वर्मा खगड़िया के सांसद हैं। कुंदन के भाई को जब इस मामले की जानकारी मिली, तो वह खगड़िया सांसद के पीए के साथ साइबर थाना पहुंचे, लेकिन जब उन्हें पता चला कि कुंदन ने धमकी दी है, तो उन्होंने उससे किनारा कर लिया।

इसके अलावा, कुंदन ने बेगूसराय एसपी को भी इसी तरह का धमकी भरा मैसेज भेजा था, जिसके चलते बेगूसराय पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। कुंदन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article