Fake Railway Officer Arrested: बिहार के दरभंगा में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और रेल पुलिस ने एक फर्जी रेल अधिकारी को गिरफ्तार किया है, आरोपी खुद को ADRM बता रहा था। यह घटना गुरुवार को स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के एच वन कोच में हुई, वहां एक शख्स खुद को समस्तीपुर रेल मंडल का ADRM आलोक कुमार झा बता रहा था।
आरोपी की पहचान मधुबनी जिले के सकरी वार्ड संख्या 17 निवासी दुर्गा कांत चौधरी के रूप में हुई है। RPF के निरीक्षक पुखराज मीणा ने बताया कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति फर्जी पहचान के साथ यात्रा कर रहा है। जांच के दौरान, जब RPF और अन्य अधिकारियों ने गाड़ी के दरभंगा आगमन पर आरोपी की जांच की, तो वह अपने आप को ADRM बताने लगा। जब उससे पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा गया, तो उसने नकार दिया और अधिकारियों को पर चिल्लाने लगा और धमकाने की कोशिश भी की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसकी असली पहचान उजागर हुई। इस मामले में CTETI चंदेश्वर राय ने लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर रेलवे सुरक्षा बल थाने में केस दर्ज किया गया है। इसे आगे की कार्रवाई के लिए रेलवे न्यायालय, समस्तीपुर में भेजा जाएगा।
यह पहली बार नहीं है जब बिहार में फर्जी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, क्योंकि कई ऐसे मामले पहले भी सामने आ चुके हैं।
