बिहार में पिछले दिनों लोग उमस भरी गर्मी की मार झेल रहे थे। अच्छी बारिश की राह देख रहे लोगों का इंतजार खत्म हो गया है। राज्य के कई जिलों में बारिश जारी है। बारिश से मौसम सुहावना तो हो गया है, लेकिन अब जलजमाव की समस्या से लोग परेशान हो रहे हैं। एक तरफ झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं तो वहीं दूसरी तरफ जलजमाव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। सूखे के बाद बिहार में अब बाढ़ जैसे हालात हैं। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नालंदा में लोकाइन नदी उफान पर है।
बिहार में नदियां उफान पर
बिहार में भारी बारिश के बाद नदियां के उफान पर हैं। बढ़ते जलस्तर ने पश्चिमी इलाके में तबाही मचा दी है। हिलसा प्रखंड के धुरी बीघा गांव के पास तटबंध में करीब 20 फीट की दरार पड़ गई है, जिससे आसपास के कई गांवों में पानी घुस गया है। इससे कई गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। फतेहपुर, मुसाड़ी, खोखना, मकरौता, कमरथु, धुरी बीघा, फुलवरिया, छियासठ बीघा, मुरलीगढ़, सोहरापुर, कुसेता और राढ़ील छिलका के पश्चिमी खेतों में पानी प्रवेश कर गया है। मुसाढ़ी गांव के पास भी तटबंध टूट गया है। बाढ़ जैसे हालात होने के कारण स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ती जा रही है।
कई स्थानों पर टूटे तटबंध
हिलसा के एसडीओ प्रवीण कुमार ने जानकारी दी कि बैराज से पानी छोड़ने के बाद भी नदी में पानी का तेज बहाव जारी है। इसी कारण से कई जगहों पर तटबंध को नुकसान पहुंच है। एसडीओ ने बताया कि मुसाढ़ी गांव के पास भी तटबंध टूटने की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और जल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसकी मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों की सहायता से इसे बंद करने का प्रयास जारी है। बताया जा रहा है कि हर प्रकार के हालातों से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट पर है। लोगों की सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ की टीम को भी तैनात किया गया है। पुलिस स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रही है।
जहां एक तरह कहा जा रहा है कि जिला प्रशासन तैयार है वहीं दूसरी तरफ स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई मदद नहीं मिली है। संजय प्रसाद ने बताया कि सीओ और अन्य प्रशासनिक अधिकारी बाढ़ प्रभावित इलाके में आए हुए हैं। लेकिन हमें अभी तक कोई सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई है। नालंदा की लोकाइन नदी उफान पर है तो वहीं जिले की अन्य नदियां जैसे सकरी, जिरयान, गोईठवा, सोइवा और पंचाने अभी भी सूखी पड़ी है। हालांकि, उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इन नदियों में भी पानी बढ़ेगा।
(इनपुट-IANS)
