Rain in Bihar: बिहार में मानसून के एक्टिव होने के बाद से कई हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही तेज बारिश से कहीं लोगों ने राहत की सांस ली है तो वहीं कई स्थानों पर लोगों की जान पर बन आई है। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, तो वहीं छोटी-बड़ी कई नदियां उफान पर है। जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। मौसम विभाग ने गोपालगंज समेत कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गोपालगंज में हो रही वर्षा के कारण सदर अस्पताल में पानी भरने की खबर सामने आई है। इसके अलावा सिवान, मोतिहारी, सीतामढ़ी, भागलपुर में कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है।
खतरे के निशान से ऊपर बह रही नदियां
जल संसाधन विभाग के अनुसार, भारी बारिश के कारण गंडक, कोसी और बागमती नदी कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर है। दूसरी तरफ सोन और गंगा नदी के जलस्तर में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गंडक नदी डुमरिया घाट पर खतरे के निशान के पास बह रही है, जबकि कोसी बलतारा और बागमती नदी बेनीबाद में खतरे के लाल निशान को पार कर गई हैं। जहां कुछ दिनों पहले बिहार में सूखे के हालात थे, उसी राज्य में मौसम ने ऐसी करवट ली कि बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। गंडक, कोसी नदी के बाद पटना के फतुहा और दनियावां इलाके में धोवा नदी, महात्माइन नदी और लोकाइन नदियां भी उफान पर हैं। इस दौरान कई इलाकों और खेतों में पानी घुस गया है। कई सौ एकड़ में लगी धान की फसलें डूब गई है। भागलपुर में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए भागलपुर जिला प्रशासन की ओर से घाटों पर सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने मंगलवार को बिहार के कई हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। जबकि पटना सहित राज्य के अधिकांश जिलों में बारिश के आसार हैं।
सदर अस्पताल में पानी भरा
भारी बारिश के कारण गोपालगंज में मॉडल सदर अस्पताल में भी पानी भरने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में घुटनों तक पानी भर गया है। इससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इमरजेंसी वार्ड के साथ डॉक्टर के चेंबर और ओटी तक पानी भरा हुआ है। पानी भरा होने के कारण ऑक्सीजन मशीन और ऑक्सीजन प्लांट सब ठप हो गया है, जिससे मरीजों को परेशानी हो रही है।
(इनपुट-IANS)
