पटना

पटना के ये इलाके बने डेंगू के हॉटस्पॉट, मरीजों की संख्या 150 के पार; जलभराव से हालात और खराब

पटना के अस्पतालों में डेंगू और डेंगू जैसे लक्षणों वाले मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इनमें से ज्यादातर मोहल्ले वही हैं, जो पिछले साल भी डेंगू से प्रभावित हुए थे। PMCH, IGIMS, पटना एम्स और एनएमसीएच में अब तक डेंगू के कई मरीजों की पहचान की जा चुकी है।

Image

पटना में बढ़े डेंगू के मरीज (फोटो - AI)

मानसून के बादल इन दिनों खूब बरस रहे हैं। इसके कारण जगह-जगह पानी भी भर रहा है। पार्कों और खुली जगहों पर कई दिनों तक पानी जमा रहता है, जिससे वहां मच्छर पैदा हो रहे हैं। मच्छर होने का सीधा मतलब डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियां हैं। इस सीजन में बिहार की राजधानी पटना में डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है।

मंगलवार 19 अगस्त को ही पटना में डेंगू के 15 नए मामले सामने आए। आज सुबह तक पिछले 48 घंटों में कुल 28 पीड़ित मिले हैं, जबकि अगस्त के पहले 20 दिनों में 86 मामले दर्ज किए गए हैं। जनवरी से अब तक 150 से अधिक मरीजों की पहचान की गई है।

इन इलाकों में डेंगू का प्रकोप ज्यादा

सिविल सर्जन कार्यालय के अनुसार, जलजमाव से प्रभावित क्षेत्रों में डेंगू का प्रकोप ज्यादा है, जैसे कंकड़बाग, पोस्टल पार्क, योगीपुर, जक्कनपुर, जगनपुरा, पटना सिटी, बोरिंग रोड, पाटलिपुत्र कॉलोनी, दीघा, गोला रोड, रूपसपुर, फुलवारीशरीफ और दानापुर। ये वही मोहल्ले हैं जो पिछले वर्ष भी डेंगू से प्रभावित रहे थे।

इस बार डेंगू का ज्यादा प्रकोप रहने की आशंका

पटना के विभिन्न अस्पतालों में डेंगू और डेंगू जैसे लक्षण वाले मरीज लगातार आ रहे हैं। आईजीआईएमएस में चार मरीज भर्ती हैं, जबकि अन्य निजी अस्पतालों में भी डेंगू के मामले मिल रहे हैं। नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों में पानी जमा न होने दें और एंटी लार्वा का छिड़काव करवाएं।

डाक्टरों ने इस बार डेंगू के अधिक फैलने की आशंका जताई है, क्योंकि लगातार बारिश और जलजमाव की समस्या बनी हुई है, जिससे मच्छरों की संख्या बढ़ रही है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article