पटना

Samastipur: रंगदारी नहीं देने पर कंस्ट्रक्शन कंपनी के ऑपरेटर को मारी गोली, युवक अस्पताल में भर्ती

बिहार के समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों की दबंगई दिखी है। यहां रंगदारी नहीं देने पर बदमाशों ने कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारी को गोली मारकर जख्मी कर दिया। घायल हालत में उसे समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती किया गया जहां डॉक्टर की देखरेख में उपचार जारी है।

Image

घायल का इलाज जारी

Photo : Times Now Digital

Samastipur Firing: बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों का हौसला कुछ ऐसा बुलंद है, कि गैरकानूनी चीजें भी उन्हें अधिकार सरीखी लगती हैं और वह भी ऐसा अधिकार जिसके लिए हिंसा पर भी उतारू हुआ जा सके। जिले के रोसरा इलाके में एक ऐसा ही मामला सामने आया, जहां रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलीकांड की वारदात को अंजाम दिया। घटना रोसरा थाना क्षेत्र के हरिपुर की है, जहां गैस पाइपलाइन बनाने वाली एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी के ऑपरेटर अनिल साह को गोली मार दी गई। घायल अवस्था में उन्हें समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

10 लाख की रंगदारी की मांग

प्रत्यक्षदर्शियों और घायल के बयान के अनुसार, शाम को करीब 5 से 10 की संख्या में हथियारबंद अपराधी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कंपनी कर्मियों से 10 लाख रुपए रंगदारी की मांग की। रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें ऑपरेटर अनिल साह को गोली लग गई। घायल युवक मोहिउद्दीन नगर का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में ऑपरेटर का कार्य कर रहा था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और कंपनी के अन्य कर्मचारी दहशत में हैं।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही रोसरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने कहा कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही रंगदारी और गोलीकांड के पीछे के आपराधिक नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article