पटना

Loksabha Election Result 2024 ने तय कर दी बिहार में उपचुनाव की भूमिका, 7 सीटों पर होंगे By Polls

लोकसभा चुनाव का अंतिम चरण 1 जून को समाप्त होने के बाद चुनावी शोर थमा था कि मंगलवार 4 जून को आए रिजल्ट ने बिहार में फिर से चुनाव की नींव रख दी है। राज्य में 4 विधानसभा, 2 राज्यसभा और एक MLC सीट के लिए उपचुनाव होना तय हो गया है।

Image

बिहार में उपचुनाव की तैयारी

Photo : Times Now Digital

कल 4 जून को ही लोकसभा चुनाव 2024 (Loksabha Election 2024) के नतीजे सामने आए हैं। अब बिहार में एक बार फिर चुनाव की तैयारियां शुरू होने लगेंगी। आगामी चुनाव की नींव मंगलवार 4 जून को आए लोकसभा चुनाव नतीजों (Loksabha Election Result 2024) ने ही रखी है। लोकसभा चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद अब यह तय हो गया है कि बिहार में 7 सीटों पर उपचुनाव होगा। इसमें विधानसभा की 4 सीटें, राज्यसभा की 2 सीटें और 1 MLC सीटें शामिल हैं। चलिए जानते हैं क्यों ने नौबत आई।

दरअसल लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद बिहार विधानसभा की 4 सीटें खाली हो जाएंगी, क्योंकि यह चारों विधायक सांसद चुने गए हैं। 1 MLC भी चुनाव जीतकर सांसद बने हैं और 2 राज्यसभा सदस्य भी लोकसभा पहुंच गए हैं। यहां तक कि राज्य विधान परिषद के वर्तमान सभापति देवेश चंद्र ठाकुर भी सीतामढ़ी से लोकसभा चुनाव जीते हैं। ऐसे में अब 1 सीट पर MLC चुनाव के साथ ही विधान परिषद के लिए भी चुनाव कराना होगा, क्योंकि यह पद भी खाली हो गया है।

दो राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव

भाजपा नेता विवेक ठाकुर नवादा संसदीय क्षेत्र से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंच गए हैं, ऐसे में उनकी राज्यसभा सीट रिक्त हो गई है। इसी तरह RJD नेता और लालू यादव की पुत्री मीसा भारती भी पाटलिपुत्र लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर लोकसभा पहुंच गई हैं और उब उनकी राज्यसभा सीट भी खाली हो गई है। इस तरह से इन दोनों राज्यसभा सीटों के लिए मतदान होगा।

4 विधानसभा सीटें भी हुईं खाली

लोकसभा चुनाव 2024 में जीत दर्ज करने वाले चार विधायक यानी MLA को भी अपनी सीट छोड़नी होगी। ऐसे में इन चार सीटों पर भी दोबारा मतदान होना तय है। इसमें राज्य के औरंगाबाद जिले के इमामगंज से मौजूदा विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी लोकसभा चुनाव में गया सुरक्षित सीट से सांसद चुने गए हैं। कैमूर जिले के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक और पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह बक्सर लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीते हैं।

गया जिले के बेलागंज से MLA और पूर्व मंत्री सुरेंद्र यादव के अलावा आरा जिले के तरारी से CPI (माले) के विधायक सुदामा प्रसाद ने लोकसभा चुनाव में आरा से जीत दर्ज की है। ऐसे में विधानसभा की इन चार सीटों के लिए भी उपचुनाव होना तय ही है। देखना यह होगा कि कब ये सभी विधायक इस्तीफा देते हैं और कब उपचुनाव की घोषणा होती है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article