Bihar Weather Today: बिहार में मानसून रूठा हुआ नजर आ रहा है। मानसून की नाराजगी लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। उमस भरी गर्मी से लोगों के हाल बेहाल हो गए हैं। यहां लोग पसीने से तरबतर हो गए हैं। पिछले 16 दिन से बारिश का इंतजार कर रहे लोग बस एक ही सवाल पूछ रहे हैं कि बारिश कब होगी? उन्हें गर्मी से राहत कब मिलेगी? बिहार में मानसून बारिश के इंतजार में ही बीत गया है। लोग यहां लगातार बारिश की राह देख रहे हैं।
मानसून के महीने में बिहार में सामान्य से कम बारिश हुई है। मानसून के फिर एक्टिव होने पर लोगों को उम्मीद थी कि अब उन्हें गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। कुछ जिलों में छिटपुट बारिश तो हुई, लेकिन उससे गर्मी कम नहीं हुई। उमस से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई। इस बीच मौसम विभाग द्वारा बिहार के कई जिलों में हल्की बारिश की संभावना के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई जा गई है।
आज बिहार में बारिश होगी या नहीं
आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के बक्सर, भोजपुर, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, गोपालगंज, सीवान, सारण, पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में बारिश की उम्मीद जताई जा रही है। यदि इन जिलों में बारिश होती है तो इससे लोगों को उमस से राहत मिलेगी। शेष बचे जिलों में मेघगर्जन और बिजली गिरने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों में हुई सामान्य से कम बारिश
मानसून के रूठे हुए होने के कारण बिहार में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पटना, मधेपुरा, सहरसा, भभुआ, दरभंगा, समस्तीपुर, सारण और वैशाली में सामान्य से केवल 50 प्रतिशत वर्षा दर्ज की गई है। वहीं बक्सर, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, कटिहार, जहानाबाद में सामान्य से 30 प्रतिशत कम बारिश हुई है। कम बारिश होने के कारण इसका असर सबसे अधिक किसानों पर पड़ रहा है। धान की रोपनी प्रभावित हो रही है। अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसान रोपनी के लिए रुके हुए हैं वहीं कई किसान अब बोरिंग का सहारा ले रहे हैं।
