Bihar Weather Today: बिहार में मानसून की तीसरी पारी चल रही है। पहली पारी में झमाझम बारिश के बाद दूसरी पारी में मानसून की बेरुखी देखने को मिली। 16 से 17 दिन की उमस भरी गर्मी झेलने के बाद अब मानसून के फिर एक्टिव होने से लोगों को कुछ राहत मिली है। सूखे के बाद बिहार में फिर से बहार आई है। आज सावन के तीसरे सोमवार को बिहार के कई जिलों में बदरा जमकर बरसने वाले हैं। मौसम विभाग ने मौसमी गतिविधियों को देखते हुए बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। आइए मौसम विभाग के अलर्ट के बीच आपको बताएं कैसा रहेगा आज बिहार में मौसम का हाल -
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
पटना मौसम विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के किशनगंज और भागलपुर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गोपालगंज, सारण, सिवान, पटना, नालंदा, वौशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतापुर, मधुबनी, दरभंगा, अररिया, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, लखीसराय, मुंगेर, शेखपुरा, जमुई, बांका, कटिहार, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश के साथ जिलों में 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इसके साथ आईएमडी ने बिहार में वज्रपात का अलर्ट भी जारी किया है।
आपदा प्रबंधन की लोगों से अपील
बिहार में आकाशीय बिजली गिरने के कारण कई लोगों की मौत हुई है। इसे ध्यान में रखते हुए और हो रही बारिश को देखते हुए आपदा प्रबंधन ने लोगों से बेवजह बाहर न जाने की और सतर्क रहने की अपील की है। इसके साथ ही पेड़ों के नीचे खड़े होने के लिए भी मना किया गया है। आपदा प्रबंधन द्वारा लोगों की सहायता के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। बारिश का बाढ़ जैसी स्थिति में लोग 0612/2294204/205 और टोल फ्री नंबर 1070 पर संपर्क कर सकते हैं।
सूखे के बाद बाढ़ जैसे हालात
बिहार में सूखे के बाद बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। पिछले दो दिन हुई बारिश के कारण जहां किसानों और आम लोगों को गर्मी से राहत मिली और फसलों को रोपनी में लाभ हुआ, वहीं दूसरी तरफ नालंदा में तेज बारिश के बाद कई नदियों को जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। तेज बहाव के कारण लोकायन नदी का तटबंध टूटने से जिले में बाढ़ का पानी आ गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम राहत-बचाव कार्य में जुटी है।
