Bihar Weather Today: बिहार में मानसून की चाल कमजोर हो गई है। करीब एक सप्ताह से बिहार में छिटपुट बारिश का दौर चल रहा है। इससे तापमान में बढ़ोतरी हो रही है और गर्मी भी बढ़ने लगी है। बढ़ते तापमान के साथ लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। उमस से लोगों को हाल बेहाल होने लगा है। पसीने में तरबतर लोग बस एक ही सवाल कर रहे हैं कि बिहार में कब मानसून एक्टिव होगा? कब लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी?
बिहार में कब एक्टिवेट होगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, बिहार में मानसून दो दिन बाद फिर एक्टिव होगा। लोगों को बारिश के बाद उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। बिहार में मानसून के कमजोर पड़ने से कुछ हिस्सों में बारिश की बौछार और हल्की बारिश दर्ज की जा रही है। लेकिन इससे गर्मी पर कोई खास असर नहीं हो रहा है। प्रदेश के लोग एक बार फिर अच्छी बारिश शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
इस दिन होगी राहत की बारिश
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बिहार की राजधानी पटना समेत अन्य जिलों में 23 जुलाई के बाद मानसून फिर एक्टिव होगा। जिसके बाद फिर एक बार प्रदेश में बारिश का दौर शुरू होगा। इस बीच 20 और 21 जुलाई को राहत मिलने के आसार कम है। यहां लोगों को उमस भरी गर्मी से जूझना पड़ेगा।
रविवार को इन जिलों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार को उत्तर बिहार के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान सीतामढ़ी, पटना, शिवहर, मधुबनी, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण सहित आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बिजली चमकने के साथ वज्रपात की संभावना भी जताई गई है।
