Bihar Ka Mausam 18-Sep-2025: बिहार में मानसून जोरदार बारिश के साथ लौट रहा है। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। भारी वर्षा के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है और किनारे वाले क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग की मानें तो आज कहीं भारी बारिश की संभावना है तो वहीं कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना जताई गई है। बारिश से लोगों को उमस वाली गर्मी से राहत मिलेगी। नवरात्रि से पहले बिहार में लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में बारिश का अलर्ट
बिहार के दो जिलों, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज में मौसम विभाग ने भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ, गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया और कटिहार में मध्यम से भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरनगर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, पटना और भोजपुर में 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ ठनका का भी अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में गिरा तापमान
बीते दिनों से प्रदेश में हो रही लगातार बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है। मानसून की विदाई के बाद राज्य का तापमान बढ़ेगा और लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
कब तक सक्रिय रहेगा बिहार में मानसून
मौसम विभाग की मानें तो बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर एरिया मजबूत बना हुआ है। यही कारण है कि बिहार में नमी का स्तर भी बढ़ा है, जिसके चलते यहां फिर मानसूनी बारिश हो रही है। इसका असर 22 सितंबर तक प्रदेश के कई जिलों में देखे को मिलेगा। प्रदेश में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का दौर जारी रहेगा और उमस से राहत मिलेगी।
