बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा (11 Aug 2025): बिहार में बारिश का दौर लगातार जारी है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश हो रही है। एक तरफ बारिश से लोगों के चेहरे खिले हुए हैं, तो वहीं दूसरी तरफ कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। वहीं कई स्थानों पर जलजमाव ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने बिहार के 19 जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। इसमें से 6 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आइए अब आपको बताएं कैसा रहेगा आज मौसम का हाल -
बिहार में बारिश का अलर्ट
पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया और मधुबनी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा किशनगंज, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा और मधेपुरा में भी हल्की से मध्यम स्तर की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि यहां गरज-चमक के साथ बरसात होगी। मौसम विभाग ने बिहार के लोगों को बिजली गिरने की भी संभावना जताई जा रही है। स्थिति को देखते हुए बिजली के खंभों, पेड़ों से दूर रखने की सलाह दी गई है।
कई जिलों में उमस वाली गर्मी सताएगी
बिहार में कई जिले ऐसे हैं, जहां बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इन जिलों में लोगों को उमस वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा। लोग पसीने में तरबतर नजर आएंगे। बता दें कि बिहार के जिन जिलों में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, वहां बादलों की आवाजाही रहेगी और धूप खिली रहेगी। लेकिन बारिश होने के आसार कम हैं।
