Bihar Crime news: बिहार का वैशाली जिला रविवार रात गैंगवार से दहल गया। देर रात जब फायरिंग होने लगी तो लोगों के बीच दहशत फैल गई। इस गैंगवार में जिले का कुख्यात बदमाश मोहम्मद यूसूफ उर्फ हनी राजा मारा गया।
मारी सात गोली
वैशाली जिले के नगर थाना क्षेत्र के आर एन कॉलेज के समीप चार की संख्या में बाइक सवार बदमाशों ने हनी राजा को गोली मार दी। मिली जानकारी के अनुसार हनी राजा को सात गोलियां मारी गई है। साथ ही बदमाशों ने कई राउंड और फायरिंग भी की। ताकि कोई उनका पीछा न कर सके। ये बदमाश हत्या करके आराम से फरार हो गए।
पुलिस ने क्या कहा
नगर थाने के पुलिस अधिकारी ने बताया कि हनी राजा एक आपराधिक छवि का युवक था, जिसके विरुद्ध वैशाली जिले में हथियार खरीद-फरोख्त और लूट के कई मामले दर्ज थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लाश को कब्जे में लेकर जांच में जुट गई है।
दोस्त के यहां था युवक
लोकल मीडिया के अनुसार मृतक हनी रजा पिछले कुछ दिनों से अपने दोस्त के यहां रह रहा था, यहीं पर उसके साथ ये घटना घटी। दोस्त ने ही फोन करके घर वालों को जानकारी दी कि हनी राजा को गाली मार दी गई है, उसे अस्पताल ले जा रहे हैं, इसके बाद जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो वहां हनी राजा मरा हुआ मिला और उसका दोस्त भी वहां से गायब मिला।
