पटना

Patna Fabricated Hospital : शहर में अगले महीने बन जाएगा 100 बेड का फेब्रिकेटेड अस्पताल, यहां हो रहा निर्माण

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 5, 2023, 04:50 PM IST

Nmch Fabricated Hospital: राजधानी के सरकारी अस्पतालों में सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में अगमकुआं स्थित एनएमसीएच में एक फेब्रिकेटेड अस्पताल बनाया जा रहा है। अगले महीने इस अस्पताल का निर्माण पूरा भी हो जाएगा। निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। इसमें सभी विभागों के मरीजों को भर्ती किया जाएगा। इसके चालू होने से दूसरे विभाग में मरीजों का दबाव कम हो जाएगा, जिससे उसे विभाग के मरीजों को बेड मिल सकेगा।

Image

एनएमसीएच में बन रहा फेब्रिकेटेड अस्पताल

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • एनएमसीएच के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस परिसर में बन रहा अस्पताल
  • सभी विभाग के मरीजों को किया जाएगा भर्ती
  • फेब्रिकेटेड अस्पताल बनने से मेडिसिन विभाग में मरीजों का बढ़ जाएगा बेड

Patna News: पटना स्थित नालंदा मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल (एनएमसीएच) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस परिसर में अगले महीने 100 बेड का फेब्रिकेटेड अस्पताल बन जाएगा। इस अस्पताल के पास में ही एक और 100 बेड का फेब्रिकेटेड अस्पताल बनाया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। एनएमसीएच के औषधि विभाग में मरीज अधिक और जगह कम होने एवं विभाग के वार्ड की बदहाल स्थिति को देखकर नवनिर्मित अस्पताल में इस विभाग के मरीजों को भर्ती किया जाएगा।

इस बारे में एनएमसीएच के अधीक्षक डॉ. रेणु रोहतगी का कहना है कि 200 बेड का फेब्रिकेटेड अस्पताल को औषधि विभाग, कैंसर केयर सेंटर के अलावा अन्य विभाग भी इस्तेमाल कर सकते हैं। यह अस्पताल बन जाने पर मेडिसिन विभाग में मरीजों के लिए बेड की संख्या अधिक हो जाएगी। इससे मरीज एवं उसके परिजनों की चिंता समाप्त हो जाएगी।

बेड के अभाव में समय से पहले डिस्चार्ज हो रहे मरीज

एनएमसीएच में बेड की कमी होने के कारण मरीजों को समय से पहले ही डिस्चार्ज करना पड़ रहा है। इस पर मरीज एवं उनके परिजन कई बार हंगामा भी कर चुके हैं, लेकिन नए मरीजों को भर्ती लेने के लिए ऐसा किया जा रहा है। अस्पताल के निचले हिस्से में औषधि विभाग है। इस कारण इस वार्ड में बारिश का पानी घुस जाता है। विभाग का प्रवेश मार्ग भी काफी नीचा और जर्जर है। इसके ए, बी, सी, डी वार्ड में 120 बेड हैं। मेडिसिन आईसीयू में सिर्फ 8 बेड हैं। इनका भी बुरा हाल है।

7 करोड़ रुपए से बन रहा फेब्रिकेटेड अस्पताल

अस्पताल परिसर में 100 बेड का फेब्रिकेटेड अस्पताल बनाने पर 7 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। बिहार चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (बीएमएसआईसीएल) अस्पताल का निर्माण कर रहा है। 100 बेड के इस फेब्रिकेटेड अस्पताल के पास में एक और फेब्रिकेटेड अस्पताल बनाया जाना है। इसमें मरीजों के लिए जरूरी सभी सुविधाएं रहेंगी। लोहे के ढांचे पर विशेष मटेरियल से दीवार एवं छत डालकर वार्ड और डॉक्टर एवं नर्स के लिए केबिन बन रहा है। यह अस्पताल आग और पानी से पूरी तरह सुरक्षित रहेगा। विशेष बात है कि इसे खोलकर दूसरी जगह भी शिफ्ट किया जा सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article