Patiala Bomb Threat Today: पटियाला के प्रमुख स्कूलों में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए ई-मेल में बम से उड़ाने की धमकी दी गई। धमकी भरा यह मेल मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां एक्शन में आ गईं। सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने स्कूलों में पहुंचकर परिसर की गहन जांच शुरू कर दी।
पटियाला में पुलिस का सर्च ऑपरेशन
कहीं भी लापरवाही न हो, इसके लिए स्कूल भवन, कक्षाओं, बस पार्किंग, खेल मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। एहतियातन एक नामी स्कूल में तत्काल छुट्टी घोषित कर दी गई, जबकि बाकी स्कूलों में शिक्षण कार्य के बीच सुरक्षा जांच जारी है।
पटियाला रेलवे स्टेशन का भी जिक्र
धमकी वाले ई-मेल में पटियाला रेलवे स्टेशन का भी जिक्र किया गया है। साथ ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के नेता व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नाम का भी उल्लेख किया गया है। इससे प्रशासन ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए जांच को और तेज कर दिया है।
साइबर सेल भी जांच में जुटी
फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। अधिकारी लगातार हालात की निगरानी कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। जांच पूरी होने तक स्कूलों के आसपास सतर्कता बढ़ा दी गई है।
