शहर

Panchkula: व्हाट्सएप पर शेयर मार्केट में मुनाफे का जाल, साइबर ठगी गिरोह बेनकाब; 4 गिरफ्तार

पंचकूला में साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। व्हाट्सएप के जरिए शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया गया था। तकनीकी जांच और सतर्क कार्रवाई के चलते पुलिस ने गिरोह के सदस्यों तक पहुंच बनाते हुए आगे की जांच तेज कर दी है।

Image

पंचकूला पुलिस ने बड़े व्हाट्सएप स्टॉक मार्केट घोटाले का किया पर्दाफाश

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Panchkula News: पंचकूला में साइबर ठगी के एक बड़े मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला व्हाट्सएप के जरिए शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का लालच देकर आम नागरिक से लाखों रुपये की ठगी से जुड़ा है। पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच के चलते न केवल मुख्य आरोपी पकड़े गए हैं, बल्कि इस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश भी तेज कर दी गई है।

पंचकूला के एक शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सितंबर में उसे व्हाट्सएप के माध्यम से शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने एक लिंक भेजकर एक ऐप डाउनलोड करवाई, जिसके जरिए अलग-अलग समय पर शिकायतकर्ता से कुल 16 लाख 30 हजार रुपये की ठगी की गई। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4), 61(2) के तहत 20 नवंबर, 2025 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

ऐसे-ऐसे हुई गिरफ्तारी?

साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह की अगुवाई में पुलिस ने पहले आरोपी अरुण कुमार को 20 जनवरी को गिरफ्तार किया। आरोपी को 21 जनवरी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने इस ठगी गिरोह में शामिल अन्य तीन आरोपियों दिल्ली के रहने वाले मोहम्मद राशिद और मोहम्मद आलम खां और पंजाब के रहने वाले जसबीर सिंह को 22 जनवरी को गिरफ्तार किया।

हरियाणा सहित बाहरी राज्यों में लगातार छापेमारी

पूछताछ के बाद आरोपी अरुण कुमार, मोहम्मद आलम खां और जसबीर सिंह को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि आरोपी मोहम्मद राशिद को शुक्रवार न्यायालय में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। जांच के दौरान अन्य आरोपियों की भी संदिग्ध भूमिका सामने आई है, जिसके चलते पुलिस द्वारा हरियाणा सहित बाहरी राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक ने क्या बताया?

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि, “साइबर अपराध के मामलों में पुलिस पूरी गंभीरता और तकनीकी दक्षता के साथ कार्रवाई कर रही है। आम नागरिकों से अपील है कि वे व्हाट्सएप या सोशल मीडिया के जरिए मिलने वाले निवेश और मुनाफे के प्रलोभनों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध लिंक या ऐप को डाउनलोड न करें। पंचकूला पुलिस साइबर ठगी में शामिल अपराधियों को बख्शने वाली नहीं है और दोषियों को जल्द कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।”

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!