Palghar News: मुंबई से सटे पालघर जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची को एक ढोंगी ने अपनी हवस का शिकार बनाया। जानकारी के अनुसार पीड़ित बच्ची की बड़ी बहन को मासिक धर्म के दौरान रक्तस्राव रुक नहीं रहा था। आरोपी ने इसी बात का फायदा उठाकर बच्ची के परिजन से अघोरी पूजा और दवा देने का बहाना बनाया। रात करीब 12 बजे उसने बच्ची के साथ शमशानभूमि के पास यौन उत्पीड़न किया। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महज दो घंटे के अंदर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने इस मामले में 55 वर्षीय आरोपी के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। वहीं पीड़ित बच्ची का कासा उपजिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
नीलम गोहरे ने की पीड़ित परिवार से मुलाकात
महाराष्ट्र विधान परिषद की उपाध्यक्ष नीलम गोरहे बुधवार को पीड़िता से मिलने अस्पताल पहुंची। जहां उन्होंने बच्ची का हालचाल जाना और परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को इस मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। नीलम गोरहे ने अस्पताल दौरे के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि महाराष्ट्र में हाल ही में ऐसी चार गंभीर घटनाएं सामने आई हैं, जो बेहद निंदनीय हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के साथ उनकी मदद करने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में महाराष्ट्र मानव बलि एवं अन्य अमानवीय प्रथाओं और काला जादू रोकथाम कानून, 2013 को भी प्रभावी रूप से लागू किया जाना चाहिए।
पीड़ित परिवार की मांग- आरोपी ने मिले जमानत
गोरहे ने कहा कि पीड़ित परिवार की सिर्फ एक ही मांग है कि उन्हें न्याय मिले और आरोपी को जमानत न दी जाए। उन्होंने इस मामले में तेज न्याय प्रक्रिया और गवाह संरक्षण अधिनियम के प्रभावी इस्तेमाल पर भी जोर दिया। इस दौरान उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से फोन पर बातचीत की और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। वहीं, एनसीपी (एसपी) विधायक रोहित पवार ने भी पीड़िता के परिवार से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त की। उन्होंने देश में महिलाओं के खिलाप बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कड़े कानून और तेज न्याय प्रक्रिया की जरूर पर भी जोर दिया।
