Palghar Cake Food Poisoning: महाराष्ट्र के पालघर जिले के नालासोपारा में बर्थडे पार्टी के दौरान केक खाने के बाद सात बच्चों समेत कम से कम 11 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को कथित फूड प्वाइजनिंग की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद केक में मरी हुई छिपकली मिलने के दावे से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, मामला नालासोपारा पूर्व के टाकीपाड़ा इलाके का है। शनिवार को एक महिला के जन्मदिन के लिए स्थानीय चामुंडा बेकरी से केक मंगाया गया था। पार्टी में मौजूद लोगों ने केक खाने के कुछ समय बाद स्वास्थ्य संबंधी परेशानी महसूस करनी शुरू कर दी। पीड़ितों में चार महिलाएं और सात बच्चे शामिल हैं। इनमें करीब ढाई साल का एक बच्चा भी बताया गया है।
सीने में जलन, पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायतें
बीमार लोगों ने सीने में जलन, पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायतें कीं। इसी दौरान मेहमानों को केक परोसे जाने वाली प्लेट में एक मरी हुई छिपकली दिखाई दी। इसके बाद परिवार और मेहमानों में अफरातफरी मच गई और प्रभावित लोगों को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ बच्चों ने केक के अंदर छिपकली मिलने की बात कही है।
केक के सैंपल लिए गए
हालांकि, लोगों के बीमार पड़ने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। फूड प्वाइजनिंग के कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय अधिकारियों ने एफडीए और वसई-विरार के महापौर राजीव पाटिल के साथ मिलकर चामुंडा बेकरी का निरीक्षण किया। जांच के लिए केक के सैंपल भी एकत्र किए गए हैं और उन्हें प्रयोगशाला भेजा गया है। अधिकारियों के अनुसार, एफडीए की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद बेकरी के खिलाफ आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
