Sikkim News: सिक्किम में मंगन जिले के लाचेन से चुंगथांग को जोड़ने वाली सड़क के टूट जाने के बाद इसे आवागमन के लिए बंद कर दिया गया, जिससे वहां 800 से अधिक पर्यटक फंस गए। अधिकारियों ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि लाचेन-चुंगथांग रोड पर तारुम चू पुल के पास सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने बताया कि मंगन जिला प्रशासन ने एक सार्वजनिक सलाह जारी कर तारुम चू पुल के पास सड़क को अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की है, जिससे लाचेन में फंसे 800 पर्यटक प्रभावित हुए हैं।
सभी पर्यटकों को निर्देश दिए गए निर्देश
अधिकारियों के अनुसार, लाचेन में मौजूद सभी पर्यटकों को निर्देश दिया गया है कि वे जहां हैं वहीं रहें और रात भर किसी भी प्रकार की आवाजाही से बचें, क्योंकि खराब मौसम की स्थिति और रास्ते में संभावित जोखिम हैं। प्राधिकारियों ने फंसे हुए पर्यटकों को निकालने के लिए सोमवार को एक निकासी अभियान शुरू करने की योजना बनाई है, बशर्ते मौसम की स्थिति में सुधार हो और डोंगक्या ला मार्ग पर बर्फ को सफलतापूर्वक हटाया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा पुलिस, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) और भारतीय सेना सहित कई एजेंसियों के साथ मिलकर सुरक्षित तथा समय पर निकासी सुनिश्चित करने के लिए काम किया जा रहा है।
गर्मी से पहले हजारों पर्यटक पहुंचते हैं सिक्किम
गर्मी की धमक आते ही मैदानी इलाकों और बाकी अन्य देशों से हजारों पर्यटक सिक्किम की ओर रुख करते हैं। सिक्किम अपनी शानदार प्राकृतिक सुंदरता, कंचनजंगा चोटी (विश्व की तीसरी सबसे ऊंची चोटी), और 100% जैविक (Organic) राज्य होने के लिए प्रसिद्ध है। यह अपनी समृद्ध बौद्ध संस्कृति, प्राचीन मठों, और पर्यटकों के लिए सुरक्षित माहौल के कारण एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। सिक्किम में बड़ी इलायची का सबसे बड़ा उत्पादन भी होता है।
सिक्किम के मौसम को लेकर IMD का पूर्वानुमान
मौसम विभाग की वेदर रिपोर्ट के मुताबिक, सिक्किम में अगले पांच दिनों के दौरान मौसम अस्थिर रहने की संभावना है। 5, 7 और 8 अप्रैल को कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, साथ ही इन दिनों ओलावृष्टि की भी संभावना है। इसके अलावा, 8 और 9 अप्रैल को सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान हवाओं की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाओं के प्रभाव के कारण है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
