शहर

अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा प्रतिनिधिमंडल जाएगा बरेली, पीड़ित परिवारों से करेगा मुलाकात

प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याओं के निदान के लिए बरेली डीआईजी और कमिश्नर से मिलकर बात करेगा। तत्पश्चात् रिपोर्ट प्रदेश कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे।

Image

सपा प्रतिनिधिमंडल जाएगा बरेली (फोटो: canva)

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल 4 अक्टूबर को बरेली का दौरा करेगा। यह दौरा 26 सितंबर को बरेली में नमाज के बाद हुई हिंसा की घटनाओं की जांच एवं प्रभावित परिवारों से मुलाकात के लिए किया जाएगा। घटनाक्रम में कई लोगों की मौत, घायल होने और घरों-दुकानों को तोड़े जाने की शिकायतें सामने आई हैं।

समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पत्र शेयर किया है। इस पत्र में कहा गया है कि अखिलेश यादव के निर्देशानुसार समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को बरेली जाएगा। बरेली में 26 सितंबर को जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज के लोग समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जा रहे थे।

निर्दोष लोगों पर रास्ते में पुलिस और पीएसी द्वारा बेरहमी से लाठीचार्ज किया गया, जिसमें बहुत से लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। 81 लोगों को जेल भेज दिया गया है। 4 बारात घर सीज कर दिए गए हैं। कई मकानों और दुकानों को बुलडोजर द्वारा ढहा दिया गया है। पुलिस द्वारा तीन लोगों का हाफ एनकाउंटर कर दिया गया है।

इससे पहले मौलाना सूफियान निजामी ने कहा कि बरेली में जो कुछ हुआ है, वह यकीनी तौर पर काबिले अफसोस है। यह घटना नहीं होनी चाहिए थी क्योंकि इससे हमारे मुल्क की अमन और शांति को बड़ा नुकसान पहुंचा है। जुमे की नमाज में भी यही दुआ की गई कि हमारे मुल्क के अंदर अमन और शांति कायम रहे।

उन्होंने मुसलमानों से अपील की कि कोई भी ऐसा प्रोटेस्ट या एहतिजाज, जिसकी परमिशन पहले से नहीं ली गई हो, उसका हिस्सा बिल्कुल भी न बनें। यह हमारी जिम्मेदारी है कि हम शांति को बनाए रखें और कानून का सम्मान करें।मौलाना ने यह भी कहा कि बरेली में कार्रवाई के नाम पर जो कुछ हो रहा है, वह भी ठीक नहीं है। बेकसूर लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाना, उन पर एफआईआर दर्ज करना उचित नहीं है।

हमारे मुल्क का संविधान सभी के लिए बराबर का अधिकार देता है। हर धर्म के लोगों को समान नजरिए से देखना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया कि जिन बेकसूर लोगों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए हैं और जिनकी जिंदगी दांव पर लगी है, उन मामलों को वापस लेने की जरूरत है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article