नोएडा में झाड़ फूंक के नाम पर राह चलती भोली-भाली महिलाओं से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नोएडा पुलिस ने मामले में संलिप्त पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही महिलाओं के पास से ठगी किया हुआ सामान बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपी खुद को बाबा और भगवान हनुमान और मां काली का भक्त बताते थे।
ऐसे दिखाते थे चमत्कार
पुलिस ने बताया कि ये सोडियम में पानी डालकर आग लगा देते थे और इस तरह आग लगाकर उसे चमत्कार बताते थे। इसी दौरान अपनी बातों में उलझा कर महिलाओं के गहने कानों के कुंडल उतरवा लेते थे और फिर मौके से फरार हो जाते थे। पकड़े गए पांचो आरोपियों ने नोएडा में तीन महिलाओं को ठगी का शिकार बनाया था।
ये चीजें हुईं बरामद
फिलहाल, एक्सप्रेसवे थाना पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने की चेन, लॉकेट, अंगूठी, मंगलसूत्र, पायल, एक रबड़ का काला सांप और सोडियम के साथ भगवान हनुमान और मां काली की मूर्ति बरामद की है।
