नोएडा

Noida News: 11 जुलाई से चिल्ला बॉर्डर - ओखला पक्षी विहार रूट रहेगा बंद, जानें वजह

Noida News: कांवड़ यात्रा के दौरान भारी भीड़ और सुरक्षा को देखते हुए कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। यह प्रतिबंध 11 से 25 जुलाई तक लागू रहेगा। इस दौरान चिल्ला बॉर्डर से ओखला पक्षी विहार तक का रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा, जबकि कालिंदी कुंज की एक लेन भी बंद की जाएगी।

Image

सांकेतिक फोटो (PC- istock)

Noida Traffic Advisory: 11 जुलाई से सावन का महीना शुरू होने वाला है। इसके साथ ही कांवड़ यात्रा भी शुरू होने वाली है। जिसको लेकर तैयारियां जोरों शोरों पर चल रही हैं। कांवड़ यात्रा को देखते हुए नोएडा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक योजना बनाई है। कांवड़ यात्रा के चलते चिल्ला बॉर्डर से ओखला पक्षी विहार तक का रूट पूरी तरह बंद रहेगा। यह बदलाव 11 जुलाई से 25 जुलाई तक के लिए लागू रहेगा।

इन रास्तों से होकर जाती है कांवड़ यात्रा

पुलिस के अनुसार नोएडा में कांवड़ियों का आगमन 15 जुलाई से ही शुरू हो जाएगा। लेकिन शहर में ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था 11 जुलाई से लागू कर दी जाएगी। डीसीपी यातायात लखन यादव ने बताया कि कांवड़ियों की बड़ी संख्या नोएडा होकर यूपी, हरियाणा, राजस्थान और मध्यप्रदेश की ओर जाते हैं। कांवड़ यात्रा चिल्ला बॉर्डर से नोएडा में प्रवेश कर ओखला पक्षी विहार से होते हुए कालिंदी कुंज से होकर आगे जाती है। कांवड़ यात्रा के दौरान कालिंदी कुंज पर दिल्ली से आने वाली एक लेन को भी बंद किया जाएगा।

डीसीपी ने जानकारी दी कि वर्तमान में मालवाहक चिल्ला बॉर्डर, डीएनडी, कालिंदी कुंज, परी चौक, अलीगढ़ और बुलंदशहर जैसे स्थानों से होते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। लेकिन 11 जुलाई से इन वाहनों को वाहनों को नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे से ईस्टर्न पेरिफेरल के जरिए भेजा जाएगा। पुलिस ने सावन माह के दौरान कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। गाजियाबाद में 80 किलोमीटर लंबे कांवड़ रूट को 123 बीट में बांटा गया है। हर 800 से 1000 मीटर की दूरी पर एक बीट बनाई गई है, ताकि कांवड़ियों की सुरक्षा में कोई चूक न होने पाए।

11 से 25 जुलाई तक ये रास्ते रहेंगे बंद

  • चिल्ला बॉर्डर से ओखला पक्षी विहार तक का रास्ता वाहनों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
  • कालिंदी कुंज पर दिल्ली से आने वाली एक लेन वाहनों के लिए बंद रहेगी।
  • चिल्ला बॉर्डर पर ट्रैफिक रोककर कांवड़ियों को सड़क पार कराया जाएगा।
  • नोएडा से दिल्ली की ओर जाने वाले कुछ रास्तों पर डायवर्जन रहेगा।
Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article