Noida News: नोएडा सेक्टर 135 में स्थित एक फार्म हाउस पर नोएडा पुलिस ने छापेमारी की है। यहां बिना परमिशन के हुक्का बार व बीयर पार्टी चल रही थी। अनियमित तरीके से चल रही पार्टी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दो महिलाओं सहित 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही पुलिस ने पार्टी से शराब और बीयर की बोतल के साथ तंबाकू के डिब्बे व कई अन्य नशीले फ्लेवर वाले पदार्थ भी बरामद किए हैं।
फार्म हाउस पार्टी में पुलिस की छापेमारी
उत्तर प्रदेश एडीसीपी नोएडा पुलिस मनीष कुमार मिश्रा ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें पीएस एक्सप्रेसवे सीमा के सेक्टर 135 इलाके में पार्टी में अवैध तरीके से शराब आदि के सेवन की सूचना मिली थी। साथ ही उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भी एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें पार्टी का आयोजन अनियमित तरीके से किया गया था। बड़े जोरों-शोरों से चल रही अवैध पार्टी पर पुलिस छापेमारी के लिए पहुंची।
मौके पर पुलिस को देख पार्टी में शामिल लोगों ने उन्हें बताया गया कि यहां एक गाने की लॉन्च पार्टी चल रही है। पुलिस ने पार्टी की जांच की तो उन्हें वहां से भारी मात्रा में हुक्का, तंबाकू, शराब और बीयर की बोतल के साथ नशीले फ्लेवर वाले पदार्थ मिले। पुलिस ने बताया कि यहां पार्टी कर रहे कुछ लोगों ने अपनी पहचान छुपाने का प्रयास भी किया। बता दें की पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए दो महिलाओं सहित 13 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस गिरफ्तार लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
