नोएडा

नोएडा में मॉडर्न पुलिसिंग की नई उड़ान; सेक्टर-63 में हाईटेक थाना, ई-मालखाना और 24x7 महिला हेल्प डेस्क का शुभारंभ

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सेक्टर-63 में नए थाना भवन और जिले के पहले ई-मालखाने का उद्घाटन किया। यह अत्याधुनिक थाना पूरी तरह से डिजिटल, पेपरलेस कार्यप्रणाली और हाई-स्पीड इंटरनेट से लैस है। साक्ष्यों के सुरक्षित भंडारण के लिए ई-मालखाना क्यूआर कोड आधारित प्रणाली से जुड़ा है, जिससे जांच प्रक्रिया और भी प्रभावी होगी।

Image

नोएडा में नए पुलिस स्टेशन भवन का उद्घाटन

Photo : Twitter

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिक सुविधा और पुलिसिंग के आधुनिकीकरण में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सोमवार को पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सेक्टर-63 स्थित नए थाना भवन, आवासीय परिसर और जिले के पहले ई-मालखाने का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने थाना परिसर में पौधरोपण कर स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से बना ये अत्याधुनिक थाना भवन मॉडल पुलिस स्टेशन के रूप में विकसित किया गया है।

इसमें आधुनिक कार्यालय, साइबर सेल, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, विवेचना कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष और रेस्ट रूम जैसी सुविधाएं शामिल हैं। यह पूरी तरह से पेपरलेस कार्यप्रणाली, हाई-स्पीड इंटरनेट और ग्रीन एनर्जी से लैस है। इस थाने की सबसे बड़ी विशेषता इसका ई-मालखाना है, जो जिले का पहला डिजिटल मालखाना है। साक्ष्यों के वैज्ञानिक और सुरक्षित भंडारण के लिए इसे क्यूआर कोड आधारित प्रणाली से जोड़ा गया है, जिससे जांच अधिकारियों को तुरंत आवश्यक जानकारी मिल सकेगी।

24x7 महिला हेल्प डेस्क

इस पहल से जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता की और गति बढ़ेगी। इसके साथ ही, पुलिसकर्मियों के लिए नए आवासीय भवन भी बनाए गए हैं, जहां मेस, बाह्य गतिविधियों की व्यवस्था और तनाव मुक्त कार्य वातावरण सुनिश्चित किया गया है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 24x7 महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गई है, जहां वे अपनी शिकायतें बिना किसी संकोच के दर्ज करा सकती हैं।

समारोह शामिल हुए ये लोग

उद्घाटन समारोह में पुलिस आयुक्त ने ग्राम प्रहरियों को सम्मानित कर उन्हें किट वितरित की। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त नोएडा यमुना प्रसाद, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी, ट्रैफिक डीसीपी लखन सिंह यादव समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। यह नवाचार पुलिसिंग को आधुनिक स्वरूप देने और नागरिकों को पारदर्शी व प्रभावी सेवाएं देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article