नोएडा

Noida में ठगों ने चोर को ही लगा दिया चूना! करोड़ों के सोने की चोरी; बीवी भी निकली शातिर

नोएडा पुलिस ने फर्जी तरीके से लोन दिलाने और इन्वेस्टमेंट के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

Image

प्रतिकात्मक

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

नोएडा: थाना सेक्टर 20 और फेस 1 थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने फर्जी तरीके से लोन दिलाने और इन्वेस्टमेंट के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह से जुड़े आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के फर्जी लेटर बरामद किए हैं। इस गिरोह का खुलासा तब हुआ जब सेक्टर 18 स्थित रघुनंदन ज्वेलर्स ने दिसंबर महीने में अपनी दुकान से करोड़ों की सोना चोरी का मामला थाना सेक्टर 20 में दर्ज करवाया था। पुलिस की जांच में यह पाया गया कि ज्वेलरी शॉप के कस्टोडियन नरेश ने चोरी की थी। इस साजिश में उसकी पत्नी भी शामिल थी। थाना सेक्टर 20 पुलिस ने नरेश को गिरफ्तार कर लिया। नरेश ने पूछताछ में चोरी की बात कबूल ली।

इन्वेस्टमेंट के नाम पर ठगी

पूछताछ में नरेश ने खुलासा किया कि चोरी की गई सोने को उसने सेक्टर 2 में स्थित एक इन्वेस्टमेंट कंपनी में निवेश कर दिया था। जब पुलिस ने इस कंपनी की जांच की, तो पाया कि यह फर्जी तरीके से लोगों से ठगी कर रही थी। नरेश की चोरी की गई ज्वेलरी भी इसी गिरोह ने इन्वेस्टमेंट के नाम ठगी के जरिए हड़प ली है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह लोगों को कम ब्याज दर पर लोन दिलाने और उच्च रिटर्न के नाम पर इन्वेस्टमेंट करने का झांसा देता था। खुद को असली साबित करने के लिए वे RBI के फर्जी दस्तावेज तैयार करते थे और उन्हें व्हाट्सएप के जरिए साझा करते थे। इन दस्तावेजों से प्रभावित होकर लोग उनके झांसे में आ जाते थे।

पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह ने नरेश समेत कई अन्य लोगों से ठगी की थी। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगा है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article