नोएडा

नोएडा में अवैध निर्माण की ऊंचाई पर लगा ब्रेक, प्राधिकरण ने लगाई सील की मोहर

नोएडा में अवैध इमारतों पर प्राधिकरण की कार्रवाई जारी है। नोएडा में प्राधिकरण से बिना अनुमति या नक्शा पास कराए अवैध बहुमंजिला इमारतों के निर्माण को सील किया जा रहा है। इन इमारतों पर अवैध लिखवाकर इन्हें सील किया गया है। अधिकारियों के अनुसार सील की गई बिल्डिंग्स को जल्द ही ध्वस्त किया जाएगा। इन अवैध इमारतों के लिए पहले भी नोटिस दिया जा चुका है।

Image

नोएडा (फाइल फोटो)

Noida News: नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण (नोएडा प्राधिकरण) ने अवैध निर्माण पर शिकंजा कसते हुए सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। वर्क सर्किल-8, 9 तथा भूलेख विभाग की संयुक्त टीम ने प्राधिकरण पुलिस बल के सहयोग से प्राधिकरण की अधिसूचित और अर्जित भूमि पर हो रहे अवैध निर्माणों पर सीलिंग की कार्रवाई की। यह कार्रवाई उन निर्माण स्थलों पर की गई, जहां प्राधिकरण से अनुमति या नक्शा पास कराए बिना बहुमंजिला भवनों का निर्माण किया जा रहा था।

वर्क सर्किल-9 के अंतर्गत ग्राम नगली वाजिदपुर के खसरा संख्या 168, 197, 204, 188 और 72 तथा वर्क सर्किल-8 के अंतर्गत ग्राम हाजीपुर स्थित खसरा संख्या 237 की भूमि पर अवैध रूप से बहुमंजिला इमारतों का निर्माण किया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम ने इन निर्माणों पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए तुरंत सीलिंग की कार्रवाई की और भविष्य में नियमानुसार ध्वस्तीकरण की भी तैयारी की जा रही है।

पहले भी कई बार भेजे गए नोटिस

प्राधिकरण ने बताया कि इन स्थलों पर पूर्व में कई बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन अतिक्रमणकर्ताओं ने न तो निर्माण कार्य रोका और न ही कानूनी प्रक्रिया का पालन किया। कड़ी कार्रवाई करते हुए इन निर्माणों को सील कर दिया गया है। इसके साथ ही जन जागरूकता के तहत इन भवनों पर स्पष्ट रूप से "यह बिल्डिंग अवैध है" लिखा गया है, जिससे आमजन को सतर्क किया जा सके।

प्राधिकरण ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे इन खसरों की भूमि पर बने या निर्माणाधीन भवनों की खरीद-फरोख्त में शामिल न हों। भूमाफिया लोगों को बहकाकर उन्हें अवैध निर्माण में निवेश के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जो पूरी तरह गैरकानूनी है। यह स्पष्ट कर दिया गया है कि इन क्षेत्रों में केवल प्राधिकरण की योजनाओं के अनुरूप ही विकास की अनुमति दी जाएगी। नोएडा प्राधिकरण ने इस कार्रवाई से साफ संकेत दिए हैं कि अवैध निर्माण और अतिक्रमण को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाइयों को लगातार जारी रखा जाएगा।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें