नोएडा

नोएडा में जमीन के नाम पर 9 लाख की ठगी, न मिला प्लॉट-न लौटाए पैसे; 11 साल पहले हुई धोखाधड़ी

नोएडा के दादरी इलाके में प्लॉट दिलाने के नाम पर तीन आरोपियों ने इटावा के एक शख्स से 9 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने 11 साल पहले उसे जमीन दिलाने का वादा कर उससे 9 लाख लिए थे। लेकिन आज तक पीड़ित को प्लॉट नहीं मिला है और न ही आरोपियों ने उसे पैसे वापस किए हैं। पीड़ित ने पुलिस के पास आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

Image

पीड़ित ने पुलिस के पास दर्ज कराया धोखाधड़ी का केस (सांकेतिक फोटो)

Photo : BCCL

Noida Crime News: नोएडा के दादरी इलाके में एक शख्स को जमीन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। यह मामला करीब 11 साल पुराना है, जब आरोपियों ने पीड़ित को 100 गज का प्लाट दिलाने का सपना दिखाया और उससे 9 लाख रुपये वसूल लिए। लेकिन आज तक न ही उसे प्लाट मिला है और न ही उसके पैसे आरोपियों ने लौटाए हैं। पीड़ित द्वारा आरोपियों से पैसे मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी भी मिली। पीड़ित ने सेक्टर 63 थाने में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

नकद और चेक में प्लाट के लिए दी रकम

शिकायतकर्ता सर्वेश सिंह यूपी के इटावा जिले में गांव नगला छोटे मल्होसी का निवासी है। साल 2013 में उसकी मुलाकात नोएडा के सेक्टर-63 में एक ब्लॉक स्थित मां बैलून एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कुछ लोगों से हुई। यहां पर सर्वेश की जान-पहचान दिल्ली निवासी ललित उपाध्याय, श्याम चरण मिश्रा और राकेश कुमार से हुई। तीनों आरोपियों ने उससे वादा किया कि वे दादरी के गांव अलावर्दीपुर स्थित अक्षरधाम कॉलोनी में उसे 100 गज का प्लॉट 9 लाख में दिला देंगे। पीड़ित के अनुसार 31 मार्च 2014 को पत्नी नंदिनी के नाम पर श्याम चरण मिश्रा ने 100 गज प्लॉट की रजिस्ट्री कर दी। जमीन के लिए उसने पैसे का भुगतान नकद और चेक में किया है।

जमीन दिलाने का देते रहे झांसा

पीड़ित का आरोप है कि उसे कुछ दिन बाद पता चला कि जमीन के नाम पर उसके साथ फर्जीवाड़ा हुआ है।आरोपियों ने प्लॉट की रजिस्ट्री फर्जी दस्तावेज दिखाकर की थी। जिसके बाद से पीड़ित की ओर से लगातार आरोपियों से रुपये वापस करने की मांग की जा रही है। लेकिन उसे पैसे वापस नहीं किए। जब पीड़ित ने पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया, तो आरोपियों ने साल 2015 में नौ लाख रुपये की एवज में चेक दिए। लेकिन बैंक में चेक लगाने पर खाते में रकम न होने के कारण चेक बाउंस हो गया। जिसके बाद आरोपियों ने उसे दूसरी जगह पर प्लॉट दलाने का भी झांसा दिया। आरोपियों ने उसके साथ जनवरी 2023 में जमीन दिलाने के नाम पर एक एग्रीमेंट किया। जिसमें कहा गया कि वे लोग 22 फरवरी तक उसे प्लॉट दे देंगे। लेकिन उसे कोई जमीन नहीं मिली। इसके बाद सर्वेश ने आरोपियों से रुपये मांगे, जिसपर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें