नोएडा

नोएडा में पकड़ा गया लग्जरी कार चोरी गैंग, 3 शातिर बदमाश गिरफ्तार; करोड़ों की गाड़ियां बरामद

नोएडा में पुलिस ने लग्जीर कार चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं। आरोपियों के पास से 3 लग्जरी कारे, चोरी के उपकरण और अवैध हथियार भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार यह गैंग बेहद शातिर और तकनीकी रूप से समझदार है।

Image

फाइल फोटो

Noida Encounter: नोएडा के थाना सेक्टर-113 पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने लग्जरी कार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गैंग के तीन सदस्यों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक 50,000 रुपये का इनामी बदमाश भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई 3 लग्जरी कारें (कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये), एक घटना में इस्तेमाल स्विफ्ट कार और बड़ी मात्रा में कार चोरी के उपकरण व अवैध हथियार बरामद किए हैं।

ऐसे देते थे चोरी की घटना को अंजाम

थाना सेक्टर-113 पुलिस ने 4 जून की रात चेकिंग के दौरान पर्थला डूब क्षेत्र कब्रिस्तान सर्विस रोड के पास मुठभेड़ के बाद तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। इस दौरान एक बदमाश फरमान उर्फ छोटे गोली लगने से घायल हो गया। पकड़े गए आरोपियों से 3 चोरी की लग्जरी कारें इनोवा क्रिस्टा, किया सेल्टॉस और क्रेटा बरामद की गई हैं। गिरोह अत्याधुनिक तकनीक का प्रयोग करते हुए मुख्य सड़कों, होटलों के बाहर खड़ी लग्जरी कारों की रैकी करता था। फिर ड्राइवर साइड का शीशा तोड़कर टैबलेट और कनेक्टिंग डिवाइस की मदद से गाड़ी का सिस्टम हैक कर लेते थे। डुप्लीकेट चाबी बनाकर महज 4-5 मिनट में गाड़ी लेकर फरार हो जाते थे। चोरी के बाद गाड़ी को सुनसान जगह खड़ा कर शीशा और नंबर प्लेट बदल दी जाती थी। आपस में बात करने के लिए मोबाइल के बजाय जंगी ऐप का इस्तेमाल करते थे, ताकि पुलिस सर्विलांस से बच सके।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में फरमान उर्फ छोटे, निवासी मेरठ, 50,000 रुपये का इनामी बदमाश, मुठभेड़ में घायल। असलम, निवासी बुलंदशहर और मकसूर उर्फ रिहान उर्फ राहुल, निवासी हापुड़, वर्तमान पता नोएडा शामिल हैं। फरमान के खिलाफ मेरठ, नोएडा सहित विभिन्न थानों में लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गिरोहबंद अधिनियम सहित 30 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या का प्रयास, लूट, चोरी सहित कई मामले शामिल हैं। इन आरोपियों में असलम और मकसूर पर भी नोएडा के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, धोखाधड़ी, धार्मिक रूपांतरण कानून और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि इनके पास से चोरी के उपकरण: टैबलेट किट, टी-चाबी, रिंच, पेचकस, शीशा तोड़ने के लिए रॉड, विंडो लॉक टूल, वायर कटर, स्टेरिंग लॉक, नकली नंबर प्लेटें इत्यादि बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार, यह गैंग बेहद शातिर और तकनीकी रूप से समझदार है। गाड़ियों की चोरी से मिले पैसों का इस्तेमाल ये लोग अपने केस की पैरवी और ऐशोआराम की जिंदगी जीने में करते थे। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article