नोएडा

नोएडा में खड़ी कार का कानपुर में चालान, अपराध डबल सवारी बिना हेलमेट

उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक दोपहिया वाहन का 1000 रुपये का चालान काटा गया। बिना हेलमेट दोपहिया चलाने पर यह चालान कटा, लेकिन इससे नोएडा में बैठी एक महिला परेशान हो गई। क्योंकि चालान उनके पास आया और चालान पर उनकी कार का नंबर और उनका फोन नबंर दर्ज है।

Image

ट्रैफिक पुलिस फाइल फोटो

Photo : PTI

सड़क पर जब भी चलें तो ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए। क्योंकि यह ट्रैफिक नियम न सिर्फ यातायात व्यवस्था को बनाए रखने में मदद करते हैं, बल्कि आप जान भी बचाते हैं। शातिर बदमाश कई बार नियमों का इस तरह से उल्लंघन करते हैं कि उससे दूसरों की परेशानी बढ़ जाती है। ऐसा ही एक मामला नोएडा से सामने आया है। नोएडा में रहने वाले एक महिला को 1000 रुपये का चालान मिला, जो कानपुर में कटा है। हैरानी की बात यह है कि यह चालान बिना हेलमेट के दो पहिया वाहन चलाने का है, जबकि महिला के पास कार है।

दरअसल चालान तो दोपहिया वाहन का ही कटा है और बिना हेलमेट गाड़ी चलाने का भी ठीक कटा है, जो चालान की कॉपी में लगी तस्वीर में साफ देखा जा सकता है। लेकिन कानपुर में इस दोपहिया वाहन पर नोएडा में मौजूद कार की नंबर प्लेट लगी हुई थी। चालान 10 जून 2024 का है, जिसे Alive Backery, 117/o/62, B-1, छपेड़ा पुलिया, गीता नगर, शारदा नगर, कानपुर में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के लिए काटा गया है।

नोएडा में रहने वाली महिला यह चालान मिलने से हैरान है। उनका कहना है कि वह अपनी कार लेकर कभी कानपुर नहीं गई, फिर उनका चालान कैसे कट गया। उन्होंने बताया कि चालान कटने का मैसेज उनके फोन पर भी आया और एक कार का चालान बिना हेलमेट चलाने के लिए कैसे कट सकता है।

Car challan for helmet

Challan

महिला का कहना है कि वह और उनके पति नोएडा में ही रहते हैं। उनके पति यूपी सरकार में सीनियर मेडिकल ऑफिसर हैं। उनकी कार ज्यादातर नोएडा में ही रहती है। उनकी कार का चालान 10 जून को शाम 6.16 बजे कानपुर में काटा गया, जिसका चालान नंबर - UP184986240610181656 है। चालान की कॉपी में एक स्कूटी की फोटो लगी है, जिस पर दो शख्स बिना हेलमेट के यात्रा कर रहे हैं। महिला ने अपील की है कि परिवहन विभाग इस मामले में तुरंत संज्ञान ले।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article